आगरा व्यापार मंडल 31 अगस्त को बनायेगा रक्तदान का रिकॊर्ड, समरोह में हुआ पोस्टर का विमोचन
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त 2025 (रविवार) को आयोजित होने वाले तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में भव्य समारोह के साथ शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया।
-पिछले वर्ष से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य, पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ
-स्वास्थ्य विभाग व निजी अस्पतालों का मिलेगा पूर्ण सहयोग
-कैंसर मरीजों को रियायती इलाज देने वाले संस्थानों का सम्मान
समारोह का शुभारंभ एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, ट्रॉमा एंड कैंसर हॉस्पिटल टूंडला के अध्यक्ष पीके जिंदल, प्रबंधक हनुमान प्रसाद गर्ग और व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
31 अगस्त को बनेगा रिकॉर्ड
व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने जानकारी दी कि शिविर रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 1036 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था, जबकि इस बार इससे अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
शिविर के सफल आयोजन हेतु व्यापार मंडल ने पांच संयोजकों की नियुक्ति की है। ये हैं राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, बृजमोहन रैपुरिया और योगेश रखवानी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने की सराहना
मुख्य अतिथि मेडिकल कॊलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। यह न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन ने इसे स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ बताया और कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने शिविर का पहला पंजीकरण स्वयं किया।
सामाजिक सहभागिता को मिला सम्मान
कार्यक्रम में ट्रॉमा एंड कैंसर हॉस्पिटल टूंडला के निदेशक सुनील टंडन, अध्यक्ष पीके जिंदल और प्रबंधक हनुमान प्रसाद गर्ग का अभिनंदन किया गया। पीके जिंदल ने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज को आमजन की पहुंच में लाने के लिए अस्पताल में विशेषज्ञों की निगरानी में सस्ती सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल और अखिलेश अग्रवाल को भी उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
समारोह में इनकी मौजूदगी रही उल्लेखनीय
दुष्यन्त गर्ग, हेमंत भोजवानी, जय पुरसनानी, राजीव अग्रवाल, जय प्रकाश, शैलेन्द्र गुप्ता, सुरेश बारिजा, अमित अग्रवाल, अनुराग अरोड़ा, राजेंद्र सचदेवा, महावीर मंगल, नरेश अरोड़ा, नरेश धीरमलानी, साहूकार सिंह, अंशुल अग्रवाल, कन्हैयालाल, शैलेश जैन, रितेश राठौड़, राजेश सिंघल, अशोक लालवानी, गुलशन माकन, धरम चंद, वासु लालवानी, विष्णु अग्रवाल, किशन अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। राजीव गुप्ता और संदीप गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया।