आगरा व्यापार मंडल का बड़ा संकल्प : ‘अपना घर’ भरतपुर को साल भर मिलेगा रक्त सहयोग
आगरा। सेवा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करते हुए आगरा व्यापार मंडल ने घोषणा की है कि भरतपुर स्थित ‘अपना घर ‘ में रह रहे निराश्रित और असहाय जनों के लिए वर्ष भर रक्त की कमी नहीं होने दी जाएगी। मंडल ने लोकहितम ब्लड बैंक के सहयोग से निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।
मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल अपने पदाधिकारियों संग अपना घर पहुंचे। यहां संचालक डॉ. बीएम भारद्वाज और डॉ. माधुरी भारद्वाज को आगामी 31 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले तृतीय विशाल रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मंडल पदाधिकारियों ने अपना घर परिसर का अवलोकन किया, जहां 6500 से अधिक निराश्रित, असहाय और वंचित लोग आश्रय और सेवा पा रहे हैं। मात्र छह माह के शिशु से लेकर वृद्ध तक सभी वर्गों को शिक्षा, चिकित्सा और जीवनयापन की सुविधाएं समाज के सहयोग से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा ही व्यापार मंडल की सबसे बड़ी पहचान है। हमें गर्व है कि हम ‘अपना घर’ जैसी पुण्यस्थली के साथ जुड़कर वर्ष भर रक्त सहयोग देंगे। इसके साथ ही व्यापार मंडल के सदस्य अपना घर की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण करेंगे।
इस दौरान मंडल से उपाध्यक्ष नरेंद्र बंसल, संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, मंत्री बृजमोहन रैपुरिया, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग आदि मौजूद रहे।