आगराः सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे पर सफेद पाउडर से थमे पहिए, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन

आगरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार देर रात सिकंदरा क्षेत्र में अचानक जाम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी अज्ञात वाहन से गिरा सफेद पाउडर सड़क पर फैल गया, जिससे गुजरने वाले वाहनों के फिसलने की स्थिति बन गई। खतरे को भांपते ही वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां बीच सड़क पर रोक दीं और देखते ही देखते हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

Aug 22, 2025 - 14:25
 0
आगराः सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे पर सफेद पाउडर से थमे पहिए, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन
सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे का एक दृश्य, जिसमें धुलाई कराने के बाद भी सड़क सफेद दिखाई दे रही है।

-देर रात पुलिस ने सड़क को पानी से धुलवाने के बाद सामान्य कराया यातायात

घबराए चालक, थमा यातायात

पाउडर की वजह से वाहनों के फिसलने की खबर फैलते ही ड्राइवरों में डर बैठ गया। कई गाड़ियां अचानक साइड में खड़ी कर दी गईं। आगे बढ़ने का साहस किसी ने नहीं किया। नतीजा यह हुआ कि हाईवे पर एक ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना पाकर सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि हाईवे पर फैला सफेद पाउडर ही जाम का कारण बन रहा है। हालात को देखते हुए पुलिस ने सड़क पर पानी डलवाकर पाउडर को साफ कराया। सफाई शुरू होने के बाद धीरे-धीरे वाहन रेंगते हुए निकलने लगे और बाद में यातायात सामान्य हो गया।

रहस्य बना पाउडर का स्रोत

यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि सफेद पाउडर किस वाहन से गिरा और यह कौन सा पाउडर था, जिसकी वजह से वाहन फिसल रहे ते। फिलहाल संभावना जताई जा रही है कि कोई ट्रक या कंटेनर यह पाउडर लेकर जा रहा होगा और तेज रफ्तार में बैग गिरने से यह सड़क पर बिखर गया।

SP_Singh AURGURU Editor