महाकाल की नगरी बनेगा आगरा, 14 से 17 फरवरी तक रहेगी महाशिवरात्रि की धूम, शिव बारात से सामूहिक विवाह तक भव्य आयोजन
आगरा। भगवान भोलेनाथ की भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम एक बार फिर आगरा में देखने को मिलेगा। श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा आगामी 14 से 17 फरवरी तक चार दिवसीय चतुर्थ महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शिव बारात, पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह और महाप्रसादी जैसे दिव्य कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।
आगरा में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सेवा के उद्देश्य से श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चतुर्थ महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन लगातार चौथी बार किया जा रहा है। इस चार दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में भव्य समारोह के बीच आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
समिति के संस्थापक आशीष सक्सेना और अध्यक्ष अविनाश राणा ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत 14 फरवरी को अमर विहार, केके नगर, सिकंदरा में सायं 6 बजे से हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम से होगी। 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे नील फ्लोरेंस से अमर विहार केके नगर तक भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। शिव बारात में महाकाल लोक की सजीव झांकी विशेष आकर्षण रहेगी।
16 फरवरी को केके नगर, सिकंदरा स्थित वर-वधु मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर महंत रामदास महाराज, दंदरौआ धाम का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
महोत्सव का समापन 17 फरवरी को दोपहर 1 बजे से अमर विहार में खप्पर प्रसादी वितरण के साथ होगा, जिसमें श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में संरक्षक रक्षपाल सिंह परमार, महामंत्री संदीप पांडेय, उपाध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश सहित समिति के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने शहरवासियों से इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की।