आगरा: पुष्पांजलि सीजंस अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से गिरकर महिला की मौत, आत्महत्या या हादसा?
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में दयालबाग स्थित पॉश पुष्पांजलि सीजंस अपार्टमेंट में शनिवार आधी रात बाद एक फ्लैट से गिरकर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका फ्लैट संख्या 804 में रहने वाले टाइल्स कारोबारी मनीष की पत्नी थी। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रात को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बहस के बाद महिला अपने बच्चों को लेकर एक कमरे में चली गई थी, जबकि पति मनीष दूसरे कमरे में जाकर सो गया।
रात करीब 1:30 बजे अचानक महिला 8वीं मंजिल से नीचे गिर गई। अपार्टमेंट परिसर में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब गिरने की आवाज सुनी तो तुरंत अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान मनीष की पत्नी के रूप में हुई है। खुद मनीष को इस हादसे की जानकारी तब हुई जब वह नीचे पहुंचे।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी तरह का हादसा। पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है। वहीं, महिला की मृत्यु को लेकर रहस्य बरकरार है।