आगरा में रिश्तेदार युवती से संबंध के शक में अपह्रत युवक 15 दिन बाद भी लापता, परिजनों हत्या की आशंका

किरावली (आगरा)। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव साधन से एक युवक का रहस्यमयी अपहरण हुए 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है। लापता युवक सुनील (17 वर्ष) के परिजनों को उसकी हत्या की आशंका है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सुनील के अपहरण के पीछे गांव की जातीय पंचायत और रिश्तेदारों की साजिश है, जो एक रिश्तेदार शादीशुदा युवती से संबंधों को लेकर नाराज़ थे।

Jul 4, 2025 - 20:10
 0
आगरा में रिश्तेदार युवती से संबंध के शक में अपह्रत युवक 15 दिन बाद भी लापता, परिजनों हत्या की आशंका
अपह्रत युवक सुनील।

पीड़ित सुभाष पुत्र बाबू सिंह ने बताया कि गांव के ही होती सिंह के घर 16 जून को पंचायत हुई थी, जिसमें आरोपियों ने 17 जून को सुनील को उठाने की धमकी दी थी। अगले ही दिन एक अज्ञात गाड़ी आई और सुनील को बुलाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं है।

परिजनों ने जब थाने में शिकायत दी तो अछनेरा पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया। अब तक न तो कोई पूछताछ की गई, न ही कोई छानबीन। परिजनों ने अब इस मामले को सहायक पुलिस आयुक्त गौरव सिंह के सामने उठाया है। उन्होंने पूरी घटना सुनने के बाद अछनेरा पुलिस को तत्काल कार्रवाई और आरोपियों से पूछताछ के निर्देश दिए हैं।

पीड़ित परिवार का दावा है कि अपहरण के बाद सुनील ने रोते हुए फोन पर बताया था कि उसे भरतपुर (राजस्थान) में बंधक बनाया गया है और उसकी हत्या की जा सकती है। इसके तुरंत बाद फोन कट गया और तब से नंबर बंद है।

सुनील के अपहरण में जिला मथुरा के गांव आनौर निवासी छोटे, सौंपू, विष्णु, साहब सिंह, कलुआ और गांव साधन के छीतरिया समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। परिजनों ने इन सभी पर अपहरण की आशंका जताई है।

यह मामला इसलिए भी संवेदनशील हो गया है क्योंकि दो माह पहले नानऊ गांव से गायब एक महिला का शव एक सप्ताह बाद जंगल में मिला था, और अब यह दूसरी लापता घटना भी इसी ओर इशारा कर रही है।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor