आगरा में युवती की हत्या कर शव बोरे में बंद किया, जवाहर पुल पर फेंक कर फरार हुए हत्यारे
आगरा के जवाहर पुल पर बोरे में बंद एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की हत्या कर शव को पुल पर फेंका गया था। शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आगरा। आगरा में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात युवती की निर्मम हत्या कर उसके शव को बोरे में बंद कर जवाहर पुल पर फेंक दिया गया। देर रात मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और बोरे को खोलने पर भीतर से युवती की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार रात करीब एक बजे सूचना मिली कि जवाहर पुल पर एक संदिग्ध बोरा पड़ा है, जिसे कुछ लोग फेंककर भाग गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और बोरे को अपने कब्जे में लिया। जब बोरा खोला गया तो उसके अंदर करीब 28 वर्षीय युवती का शव मिला। शव को बाहर निकालते ही स्पष्ट हो गया कि युवती के साथ बर्बरता की गई है।
शव पर चोटों के कई निशान, हत्या की पुष्टि
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती के चेहरे और गर्दन पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस का मानना है कि हत्यारे शव को यमुना में फेंकने के इरादे से पुल तक लाए थे, लेकिन किसी कारणवश शव को पुल पर ही छोड़कर फरार हो गए।
डीसीपी सिटी मौके पर पहुंचे, जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जवाहर पुल पर बोरे में एक युवती का शव मिला है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और हाईवे व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण, समय और इस्तेमाल किए गए तरीकों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
शिनाख्त न होने से जांच चुनौतीपूर्ण
युवती की पहचान न हो पाने के कारण फिलहाल जांच में चुनौती बनी हुई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट, अस्पतालों और रेलवे स्टेशनों से भी जानकारी जुटा रही है।