आगरा में युवाओं और संस्थाओं ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

आगरा। हरियाली तीज और वर्षा ऋतु के अवसर पर आगरा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामाजिक संगठनों ने वृक्षारोपण कर पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ का संदेश दिया। इन अभियानों में न केवल पेड़ लगाए गए, बल्कि लोगों को पर्यावरण संतुलन और उसकी आवश्यकता के प्रति भी जागरूक किया गया।

Jul 27, 2025 - 19:12
Jul 27, 2025 - 22:57
 0
आगरा में युवाओं और संस्थाओं ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
लायंस क्लब आगरा फ्रेंड्स महान के वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधे रोपते क्लब के युवा। सेक्टर 9, आवास विकास कॉलोनी स्थित पार्क में पौधारोपण करते श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी के सदस्य।  

लायंस क्लब आगरा फ्रेंड्स महान का वृक्षारोपण अभियान

लायंस क्लब आगरा फ्रेंड्स महान द्वारा ताज के पूर्वी गेट स्थित गोकलचंद गुलाबचंद की बगीची में वृक्षारोपण किया गया। मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने वृक्ष लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
क्लब अध्यक्ष अतुल बंसल ने बताया कि वर्षा ऋतु वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त समय है और हर व्यक्ति को इस समय अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। हरियाली तीज पर ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ का संदेश देते हुए पर्यावरण को शुद्ध बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सचिव योगेश अग्रवाल ने कहा कि विकास के नाम पर काटे गए वृक्षों की भरपाई जरूरी है। सेवानिवृत्त रेंजर एवं कवि दिनेश पांडेय ने पर्यावरण पर काव्य पाठ कर संदेश दिया। कार्यक्रम संयोजक अनिल गोयल और अनिल अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर राजेश जैन (संचालक), सुनील सिंघल, बीएम तापड़िया, डेजी जैन, उमा, आस्था, सुरभि, सरिता आदि उपस्थित रहे।

श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी ने रोपे 100 पौधे

सेक्टर 9, आवास विकास कॉलोनी में श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी द्वारा 100 पौधे लगाए गए। संस्था के सभी युवाओं ने मिलकर इस अभियान में भाग लिया और पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।
अध्यक्ष कार्तिक अग्रवाल ने कहा कि यह संस्था युवाओं को सेवा, धर्म और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करती है। संस्था हर माह कोई न कोई सेवा कार्य करती है जैसे गौसेवा, वृद्धाश्रम सेवा, भंडारा वितरण आदि।

उन्होंने कहा कि सेवा ही सच्चा धर्म है, और वृक्षारोपण मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। इस अवसर पर संस्था के 35+ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें अभिषेक गर्ग, अनिरुद्ध अग्रवाल, हर्ष मित्तल, ऋतिक बंसल, यश सिंघल आदि प्रमुख थे।

अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा समिति ने किया वृक्षारोपण

श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा समिति आगरा द्वारा हरियाली तीज के उपलक्ष्य में ताजगंज स्थित सर्किट हाउस में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। अग्रवाल महासभा समिति के सभी सदस्यों ने लगभग 250 पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश दिया। इसके साथ ही 40 टी गार्ड भी लगाए गए। समिति के महामंत्री संजय बाबू जैन एवं संयोजक राजीव जैन के अलावा पवन जैन, विजय जैन,  संजय जैन, रविन्द्र जैन, विष्णु जैन, राकेश जैन, सुरेश चंद जैन, शुभम जैन, मीरा जैन, रश्मि जैन समेत समस्त अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा के सदस्य उपस्थित रहे|

SP_Singh AURGURU Editor