आगरा के दवा बाजार में फिर हलचलः दो दिन से खिन्नी गली से फौवारा मार्केट तक जांच की आंच
आगरा। दवा कारोबार से जुड़ा आगरा का बाजार इन दिनों चर्चाओं के केंद्र में है। ड्रग विभाग की लगातार दूसरे दिन की कार्रवाई ने समूचे क्षेत्र में खलबली मचा दी है। खिन्नी गली से लेकर फौवारा दवा मार्केट तक विभागीय टीम की जांच से उन कारोबोरियों में बेचैनी और आशंका का माहौल बना हुआ है, जो गलत दवाओं के कारोबार में लिप्त हैं।
जानकारी के अनुसार, ड्रग विभाग की एक विशेष टीम, जिसमें अन्य जिलों से आए निरीक्षक भी शामिल हैं, ने गुरुवार को खिन्नी गली स्थित विभोर मेडिकल स्टोर (मालिक – विभोर गुप्ता) पर छापेमारी की। वहां से मिले अभिलेखों और दस्तावेज़ों के आधार पर टीम ने बाद में फौवारा दवा मार्केट स्थित हर्षित ट्रेडर्स सहित कई अन्य दवा विक्रेताओं के यहां भी जांच की।
बताया गया कि छापेमारी के दौरान कुछ नामी दवा कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जानकारियां दीं। जांच के दौरान एक दवा कारोबारी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले जाया गया, लेकिन बाद में उसे घर भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, विभाग के पास संभावित दवा आपूर्ति गड़बड़ी और बिलिंग अनियमितता से जुड़ी कुछ शिकायतें थीं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। बीते दो दिनों से जारी इस सिलसिलेवार छानबीन ने दवा व्यापारियों को सकते में डाल दिया है। कई दुकानदारों ने अपने रिकॉर्ड और बिलों को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।
फौवारा मार्केट, जो आगरा का सबसे बड़ा दवा व्यापारिक केंद्र माना जाता है, में अब यह चर्चा जोरों पर है कि ड्रग विभाग को किसी बड़ी अनियमितता का सुराग मिल सकता है।