विधान सभा में गूंजा आगरा का औद्योगिक और विकास एजेंडा: विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उद्योग, यमुना बैराज, एलएमवी-6 बिजली कनेक्शन, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मांगों के साथ रखा ताजनगरी का विज़न
आगरा। उत्तर प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आगरा उत्तर से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जहां आगरा में बैराज, स्टेडियम की मांग उठाई वहीं, उद्योगों के विद्युत कनेक्शन पर लगी रोक को हटवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने कहा कि आगरा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को शिखर पर पहुंचाने में अहम योगदान दे रहा है।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में सरकार ने गांव, गरीब, किसान, व्यापारी, युवा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस काम किया है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जहां युवाओं को अपराध की ओर धकेला जाता था, वहीं आज वही युवा हुनर सीखकर अपना भविष्य संवार रहा है। जो आईटीआई संस्थान कभी केवल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र तक सीमित थे, आज वहां मोबाइल, एसी, फ्रिज, मोटर मैकेनिक और इलेक्ट्रीशियन जैसे आधुनिक तकनीकी कोर्स कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगरा में हर महीने की 21 तारीख को लगने वाले रोजगार मेले के जरिए पिछले सात वर्षों में 7300 युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार मिला है, जिनमें करीब दो हजार बेटियां शामिल हैं। यही कारण है कि आज आईटीआई में केवल प्रशिक्षु ही नहीं, बल्कि उद्यमी बनने के इच्छुक युवाओं की भी भीड़ है।
भाजपा विधायक ने आगरा को औद्योगिक के साथ-साथ धार्मिक नगरी बताते हुए कहा कि शहर के चारों कोनों में महादेव और भैरवनाथ विराजमान हैं, वहीं खाटू श्याम का भव्य मंदिर भी यहां स्थापित है। आगरा का जूता उद्योग देश में उत्पादित कुल जूतों का लगभग 65 प्रतिशत योगदान देता है। पेठा उद्योग के साथ-साथ अब आगरा चांदी, घुंघरू और ब्रश उद्योग का भी बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। रेडीमेड कपड़ों का बड़े पैमाने पर उत्पादन शहर की आर्थिक ताकत को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में बेहतर हुई कानून व्यवस्था के कारण ही उद्योग आगे बढ़ रहे हैं और निवेश को बढ़ावा मिला है।
श्री खंडेलवाल ने उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन पीठ की स्थापना कराए के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शैक्षिक विकास की दिशा में अहम कदम बताया। साथ ही उन्होंने बल्केश्वर घाट के पुनरुद्धार कार्य शुरू होने पर सरकार का आभार जताया और मांग की कि एक हजार वर्ष पुराने आनंदी भैरव मंदिर पर भी यमुना घाट का निर्माण कराया जाए, जिससे दयालबाग और सिकंदरा क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि आगरा शहर की सीमा में कैलाश मंदिर से ताजमहल तक यमुना नदी में सालभर पर्याप्त जल बना रहे। इसके लिए चेकडैम या बैराज का निर्माण आवश्यक है। ऐसा होने पर आगरा आने वाले पर्यटकों को बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर यमुना आरती देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बैराज निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कराया जाए।
विधायक ने ताजमहल के कारण आगरा में एलएमवी-6 विद्युत कनेक्शन बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि फाउंड्री उद्योग पहले ही प्रभावित हो चुका है। सरकार को चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर इन बाधाओं को समाप्त कराए। साथ ही उन्होंने आगरा जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण की आवश्यकता बताई, जिससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और शहर को नया पहचान मिले।
Top of Form