सर्वाइकल कैंसर से लड़ाई में आगरा की पहल: 100 छात्राओं को मिला मुफ्त टीकाकरण सुरक्षा कवच
आगरा। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं को सुरक्षित भविष्य का आश्वासन देने की दिशा में आगरा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। 17 नवम्बर को रेनबो हॉस्पिटल, सिकंदरा में आयोजित निःशुल्क टीकाकरण शिविर में 100 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन दी गई। यह पहल रेवो रियल्टी ग्रुप और एक पहल बी॰आर॰ मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त प्रयासों से पूरी की गई।
सर्वाइकल कैंसर, जो महिलाओं में घातक बीमारियों की सूची में तीसरे स्थान पर है, के खतरे को कम करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 9 से 14 वर्ष की आयु की छात्राओं को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराया गया। इन टीकों से उन्हें एचपीवी इंफेक्शन से सुरक्षा मिलेगी, जो सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है।
रेवो रियल्टी के संस्थापक फ़रहान साफ़ी ने कहा, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से रोकी जा सकती है। हमारा उद्देश्य है कि हर बालिका को इस बीमारी से बचाव का अवसर मिले।
रेवो रियल्टी के हरजीत सिंह ने बताया कि शिविर में एक पहल पाठशाला और बी॰डी॰ कॉन्वेंट स्कूल की लगभग 100 छात्राओं का टीकाकरण किया गया। साथ ही बालिकाओं व समाज को जागरूक करने के लिए सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों और इससे बचाव पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जागरूकता से जुड़े सत्र ने विशेष प्रभाव छोड़ा, जिसमें बताया गया कि शुरुआती जांच और सही समय पर वैक्सीन लगवाने से सर्वाइकल कैंसर से बचा जा सकता है।
इस प्रयास को सफल बनाने में मनीष राय, ईभा गर्ग, अंकित खंडेलवाल, मनीष राय, बरखा राय और नवीन कुमार का योगदान रहा।