आगरा का जनक पार्क बनेगा वैदिक आलोक का केंद्र: आर्य महासम्मेलन में गूंजेगी तीन दिन वेद-वाणी

आगरा का कमला नगर स्थित जनक पार्क आगामी जनवरी में वैदिक परंपरा, आध्यात्मिक चिंतन और आर्य संस्कृति के विराट संगम का साक्षी बनने जा रहा है। आर्य केंद्रीय सभा के तीन दिवसीय आर्य महासम्मेलन में देशभर से वैदिक विद्वान, आचार्य और हजारों आर्यजन जुटेंगे, जहां यज्ञ, योग, वेद-विचार और सांस्कृतिक आयोजनों की अविरल धारा प्रवाहित होगी।

Dec 7, 2025 - 19:50
 0
आगरा का जनक पार्क बनेगा वैदिक आलोक का केंद्र: आर्य महासम्मेलन में गूंजेगी तीन दिन वेद-वाणी
आगरा में आगामी जनवरी माह में होने जा रहे आर्य महासम्मेलन के पोस्टर का रविवार को आर्य समाज मंदिर जयपुर हाउस में विमोचन करते आर्य सभा के पदाधिकारी और सदस्य।

आगरा। आर्य केंद्रीय सभा की ओर से जनक पार्क, कमला नगर में वृहद आर्य महासम्मेलन का आयोजन 30, 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। रविवार को जयपुर हाउस स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई बैठक में सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन सभा के पदाधिकारियों ने किया और कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।

सभा के प्रधान सीए मनोज खुराना ने बताया कि यह सम्मेलन महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती तथा आर्य समाज स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित अखिल भारतीय आयोजनों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस आयोजन में देशभर के वैदिक विद्वान और हजारों आर्यजन शामिल होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं में योग गुरु स्वामी रामदेव, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, तथा एमडीएच समूह के चेयरमैन राजीव गुलाटी सहित कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सम्मेलन की हर सुबह योग और यज्ञ से शुरुआत होगी। इसके बाद चिकित्सकों, शिक्षकों, सीए और विभिन्न व्यवसायिक वर्गों के साथ वेदों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। शाम को भव्य लेज़र शो के साथ महर्षि दयानंद के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी और फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

तीन दिवसीय आयोजन में आर्यवीर दल के बच्चों द्वारा अभ्यास प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एक भव्य शोभायात्रा निकालने का भी निर्णय लिया गया है। सम्मेलन में देशभर के लगभग एक दर्जन प्रतिष्ठित वैदिक आचार्य और भजनोपदेशक शामिल रहेंगे।

बैठक में वीरेंद्र कनवर, सुधीर अग्रवाल, आर्य अश्वनी, अनुज आर्य, विकास आर्य, देव शरण शास्त्री, राकेश तिवारी, अरविंद मेहता, बुद्धसेन आर्य, उमेश पाठक, भारत भूषण सामा, प्रदीप डेम्बल, विजय अग्रवाल, बृजराज परमार, सुशील हसीजा, राजकुमारी सिंघल, रामसखी विद्यार्थी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor