आगरा के लक्ष्मी नगर में रफ्तार के अहंकार ने छीनी बुजुर्ग की सांसें, दबंगों ने उतारा मौत के घाट
आगरा। बाइक धीरे चलाओ, सिर्फ यह कहना किसी की ज़िंदगी की कीमत बन जाएगा, ये किसी ने नहीं सोचा था। आगरा में रफ्तार के जूनून ने इंसानियत को रौंद दिया। तंग गली में बच्चों की सुरक्षा के लिए आवाज़ उठाने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग पप्पू माहौर को दबंगों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं।
थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मृतक के बेटे लेखराज माहौर ने बताया कि मोहल्ले का युवक पवन कुमार गली में तेज रफ्तार से बाइक दौड़ा रहा था। सात फुट चौड़ी इस गली में अक्सर बच्चे खेलते हैं। पप्पू माहौर ने सिर्फ इतना कहा था कि बेटा, धीरे चलाओ, बच्चे खेल रहे हैं।
लेकिन ये समझाने वाली बात दबंग पवन को नागवार गुज़री। कुछ देर बाद पवन करीब 20-25 युवकों के साथ लौटा। भीड़ ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर और डंडों से हमला बोल दिया। बचाव में आए परिजनों, महिलाओं तक को नहीं बख्शा गया। इस दौरान पप्पू माहौर के सिर पर ईंट लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा, हर आरोपी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार असामाजिक तत्वों का दबदबा बढ़ रहा है और पुलिस गश्त का अभाव ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने मांग की है कि दोषियों पर हत्या की धारा में सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपी पहचाने जा चुके हैं। एक विशेष टीम सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।