आगरा की सड़कें बना दी थीं शराबखाना! पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खौफ में आए शराबी

आगरा। सार्वजनिक स्थानों को शराबखोरी और हुड़दंग से मुक्त कराने के लिए आगरा पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान में शराबियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसमें खुले में शराब पीने वालों की शामत आ गई। ताबड़तोड़ की गई चेकिंग में हजारों लोगों और वाहनों पर शिकंजा कसा गया, जिससे सड़कों पर खुलेआम मयख़ाना बनाने वालों में खलबली मच गई है।

Jul 2, 2025 - 16:58
 0
आगरा की सड़कें बना दी थीं शराबखाना! पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खौफ में आए शराबी
आगरा की एक पुलिस चौकी पर पकड़कर लाए गये खुले में शराब पीने के आरोपी।

-विशेष अभियान में पुलिस ने 1900 चालान किए, 376 गिरफ्तारियां और 110 वाहन सीज किये गये

16 हजार शराबियों की हुई पहचान

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक 16,000 से अधिक लोगों को सड़क पर शराब पीते या संदिग्ध हालत में चेक किया। इनमें से बड़ी संख्या में ऐसे लोग निकले जो सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में अराजकता फैला रहे थे।

110 वाहन सीज़, 1900 चालान, 376 गिरफ्तारियां

सड़कों पर चेकिंग के दौरान 9,000 से ज्यादा वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 110 वाहन नियम उल्लंघन के चलते सीज़ कर दिए गए हैं। 1,900 लोगों के चालान काटे गए हैं और 376 लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है।

दोहरे उल्लंघन पर होगी जेल

डीसीपी सोनम कुमार ने चेतावनी दी कि जो लोग दोबारा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े जाएंगे, उन पर बीएनएस की धारा 155 के तहत जेल तक की सख्त कार्यवाही की जाएगी। पुलिस की यह सख्ती आने वाले दिनों में और बढ़ेगी।

लक्ष्यः कानून व्यवस्था और शांति

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ कानून का डर बिठाने के लिए नहीं, बल्कि शहर में कानून व्यवस्था, शांति और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। अब हर थाना क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे स्पॉट्स पर नजर रखी जा रही है जहां खुले में शराब पीने की शिकायतें आती रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor