आगरा के शब्द स्वरुप सिंह ने सीयूईटी-यूजी में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक पाकर रचा कीर्तिमान
आगरा। आगरा के सुमित राहुल मेमोरियल स्कूल के मेधावी छात्र शब्द स्वरुप सिंह ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी-यूजी) में अपने सभी प्रमुख विषयों- फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और इंग्लिश में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस राष्ट्रीय परीक्षा में पूरे देश से 13.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच शब्द स्वरुप सिंह की यह उपलब्धि बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि बारहवीं की पढ़ाई के साथ ही रोजाना तीन घंटे वह इस प्रवेश परीक्षा के लिए अलग से तैयारी करते थे।
शब्द स्वरुप सिंह के माता-पिता दोनों दयालबाग डीम्ड यूनिवर्सिटी, आगरा में कार्यरत हैं, जिससे प्रारंभ से ही उनका रुझान विज्ञान की ओर रहा। अब वे दिल्ली विश्वविद्यालय से फिजिक्स विषय में ड्यूल डिग्री करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस परीक्षा की तैयारी के दौरान वे मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहे, जिससे उनका ध्यान केंद्रित रहा। साथ ही उन्होंने समय मिलने पर क्रैश कोर्स भी किए। उनका मानना है कि मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।