आगरा का मौसम अचानक से बदल गया, बादल छाए, ठंडी हवाएं
आगरा। आगरा का मौसम अचानक बदल गया है। आज दिन की शुरुआत तो धूप से हुई, लेकिन नौ बजते-बजते बादल छा गए। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को एक बार फिर से ठंड का अहसास होने लगा। मौसम में आ रहा यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य के लिहाज से बहुत सावधानी बरतने का है।
पिछले कई दिन से लोग महसूस कर रहे थे कि सर्दी की विदाई हो चुकी है। दिन में तो इतनी तेज धूप होती थी कि उसमें रुकना भी असंभव होने लगा था। सुबह और शाम के समय भी गुलाबी ठंड ही होती थी। रात के समय तो बहुत से लोग पंखे भी चलाने लगे थे। सर्दी को विदा मानकर लोग गर्म कपड़े हटा चुके थे, लेकिन मंगलवार की सुबह मौसम ने फिर करवट बदली। आसमान में बादल छा गया। हल्की धुंध सी दिखने लगी। हवा की गति धीमी थी, लेकिन ठंडक का अहसास करा रही थी।
आज सुबह का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था जो दोपहर 12 बजे 26 डिग्री सेल्सियस पर था। दिन भर में 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हवा की गति 7 किलोमीटर प्रति घंटा है और आर्द्रता 44 प्रतिशत है।
तापमान में भले ही ज्यादा गिरावट नहीं आई है, लेकिन लोग हल्की ठंडक महसूस कर रहे हैं। कभी तेज गर्मी और कभी सर्दी के इस मौसम में स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही आपको बीमार कर सकती है।