पाकिस्तान में अहमदियों पर कहर: कराची में भीड़ ने एक को पीट-पीट कर मार डाला

इस्लामाबाद/कराची। पाकिस्तान में धार्मिक असहिष्णुता का एक और वीभत्स चेहरा सामने आया है। कराची के सदर इलाके में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) से जुड़े सैकड़ों कट्टरपंथियों ने अहमदी समुदाय की मस्जिद पर हमला किया और एक अहमदी मुस्लिम को पीट-पीटकर मार डाला। मृतक की पहचान 46 वर्षीय लायक चीमा के रूप में हुई है, जो अहमदी समुदाय का एक जाना-पहचाना चेहरा थे।

Apr 18, 2025 - 21:05
 0
पाकिस्तान में अहमदियों पर कहर: कराची में भीड़ ने एक को पीट-पीट कर मार डाला
पाकिस्तान के कराची शहर में अहमदिया मुस्लिमों पर हमले की एक तस्वीर।

टीएलपी कार्यकर्ताओं ने बनाया निशाना

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को करीब 400 टीएलपी कार्यकर्ता कराची की मोबाइल मार्केट के पास जमा हुए और उन्होंने शाह लतीफ, सुरजानी और खोखरापार समेत कई इलाकों में अहमदी समुदाय को निशाना बनाया। पुलिस की तैनाती से अन्य इलाकों में हालात काबू में रहे, लेकिन सदर इलाके में लायक चीमा को मस्जिद से लगभग 100 मीटर दूर पहचानकर घेर लिया गया और बेरहमी से पीटा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस का रुख
कराची पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने अहमदी समुदाय को अस्थायी सुरक्षा भी मुहैया कराई है। हालांकि इस जघन्य वारदात ने पाकिस्तान की कानून व्यवस्था और धार्मिक स्वतंत्रता पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अहमदी समुदाय की स्थिति
पाकिस्तान में अहमदी मुस्लिमों को कानूनी रूप से गैर-मुस्लिम घोषित किया गया है। 1974 के संविधान संशोधन के बाद से इन पर हमलों और सामाजिक बहिष्कार का सिलसिला लगातार जारी है। अहमदियों को मस्जिदें बनाने, नमाज पढ़ने या अपने धार्मिक विचार प्रकट करने की आज़ादी नहीं है। कट्टरपंथी संगठन इन्हें लगातार निशाना बनाते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor