एआई से बदलेगी यूरोलॉजी की तस्वीरः यूएयू-कॉन 2026 में सर्जरी की जटिलताओं पर मंथन, ताजनगरी में 28 फरवरी और एक मार्च को जुटेंगे देश के दिग्गज डॉक्टर
आगरा। ताजनगरी एक बार फिर चिकित्सा जगत का केंद्र बनने जा रही है। 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को होटल जयपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में उत्तर प्रदेश यूरोलॉजिकल एसोसिएशन का 11वां वार्षिक सम्मेलन यूएयू-कॉन 2026 (UAUCON 2026) आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी आगरा यूरोलॉजिकल एसोसिएशन कर रहा है। यह सम्मेलन सिर्फ एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यूरोलॉजी की दुनिया का महाकुंभ साबित होने जा रहा है, जिसमें देशभर से 250 से अधिक नामी यूरोलॉजिस्ट और रिसर्चर हिस्सा लेंगे।
देश के शीर्ष दिग्गज होंगे शामिल
सम्मेलन में यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. केशवमूर्ति रामैया और निर्वाचित सचिव डॉ. अनुप कुमार के साथ डॉ. अपुल गोयल, डॉ. एच.एस. पाहवा, डॉ. अनीश श्रीवास्तव, डॉ. दिवाकर दलेला, डॉ. एके संवाल, डॉ. संजॉय कुमार सुरेका और डॉ. विश्वजीत सिंह जैसे देश के शीर्ष यूरोलॉजिस्ट अपने अनुभव साझा करेंगे। यह सम्मेलन युवा डॉक्टरों और रेजिडेंट्स के लिए सीखने, संवाद और नेटवर्किंग का सुनहरा अवसर होगा।
थीम: भविष्य की जरूरत
यूएयू-कॉन 2026 की थीम है- यूरोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का समावेश और सर्जिकल जटिलताओं को कम करना। तेजी से बदलती तकनीक के दौर में एआई का चिकित्सा में उपयोग और सर्जरी के दौरान होने वाली जटिलताओं से निपटने के व्यावहारिक समाधान इस सम्मेलन का मुख्य केंद्र होंगे।
पहला दिन: टेक्नोलॉजी और अनुभव का संगम
28 फरवरी को सम्मेलन की शुरुआत रेजिडेंट्स फोरम से होगी, जिसमें ऐतिहासिक और प्रभावशाली रिसर्च पेपर्स की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद “कॉम्प्लिकेशन सेशन: रोबोटिक एंड लेप्रोस्कोपिक सर्जरी” में लखनऊ, नोएडा, गोरखपुर, झांसी और वाराणसी के डॉक्टर रियल-लाइफ केस स्टडी प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद मेरठ, आगरा, प्रयागराज, बरेली और कानपुर के विशेषज्ञ यूरेथोप्लास्टी के दौरान आई चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
एआई पर फोकस: प्रैक्टिकल गाइड
दिन का सबसे आकर्षक सत्र होगा “प्रैक्टिकल गाइड टू एआई”, जिसमें डॉक्टरों को बताया जाएगा कि कैसे एआई को रोज़मर्रा की प्रैक्टिस में अपनाएं। एआई से मिनटों में पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन बनाएं। स्मार्ट हेल्थ डिवाइसेज़ से मरीजों की रिमोट मॉनिटरिंग करें। मेडिकल रिसर्च, डेटा एनालिसिस और पब्लिकेशन में एआई का उपयोग करें। एंडोयूरोलॉजी में बेहतर सर्जिकल प्लानिंग करें
साथ ही एआई के दुरुपयोग और चुनौतियों पर भी खुली चर्चा होगी।
करियर और संवेदनशीलता पर मंथन
दोपहर बाद “व्हाइट कोट, डिफरेंट वर्ल्ड्स” पैनल में सरकारी, कॉरपोरेट और निजी प्रैक्टिस के फर्क पर चर्चा होगी। शाम को गेस्ट लेक्चर में डॉ. केशवमूर्ति रामैया “Reimagining Urology Education in India” और डॉ. पवन जिंदल “Empathy Beyond Medicine” पर व्याख्यान देंगे। दिन का समापन डॉ. के.एम. सिंह ओरेशन और भव्य उद्घाटन समारोह से होगा।
दूसरा दिन: रिसर्च और इनोवेशन
1 मार्च को योग सत्र के साथ दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद पेपर सेशन में छोटे किडनी ट्यूमर, बीपीएच की नई सर्जरी, ब्लैडर कैंसर के बायोमार्कर और रोबोटिक सर्जरी के परिणामों पर शोध प्रस्तुत किए जाएंगे।
वीडियो सेशन में उन्नत सर्जरी तकनीकों के लाइव उदाहरण दिखाए जाएंगे, जबकि पोस्टर सेशन में शोध निष्कर्षों की त्वरित झलक मिलेगी।
आगरा बनेगा यादगार मेज़बान
आगरा के होटल जेपी पैलेस की भव्य मुगलई वास्तुकला और फरवरी का सुहाना मौसम सम्मेलन को यादगार बनाएगा। आयोजकों ने डॉक्टरों के परिवारों के लिए आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और एतमाद-उद-दौला भ्रमण की विशेष व्यवस्था की है।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. विजय बोरा ने कहा कि UAUCON 2026 ज्ञान के आदान-प्रदान का सशक्त मंच है, जबकि आयोजन सचिव डॉ. दिलीप मिश्रा ने इसे सीनियर और जूनियर डॉक्टरों के बीच सेतु बताया और सभी डॉक्टरों व उनके परिवारों का आगरा में स्वागत किया।