रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस सिमरिया में हुई क्रैश, 7 लोग थे सवार

रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस चतरा जिले के सिमरिया के जंगलों में क्रैश हो गई। विमान दोपहर 1:37 बजे रवाना हुआ था और रास्ते में ATC से संपर्क टूट गया। विमान में 7 लोग सवार थे, जिनमें मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिक, परिजन और दो पायलट शामिल थे। घने जंगलों में राहत कार्य जारी है और DGCA द्वारा उच्च स्तरीय जांच की तैयारी की जा रही है।

Feb 23, 2026 - 23:10
 0
रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस सिमरिया में हुई क्रैश, 7 लोग थे सवार
दुर्घटनाग्रस्त एयर एम्बुलेंस।

नई दिल्ली। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से टूट गया और बाद में पुष्टि हुई कि विमान सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास घने जंगलों में क्रैश हो गया।

रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि एयर एम्बुलेंस ने दोपहर 1:37 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था। विमान का निर्धारित आगमन समय शाम 4:30 बजे था, लेकिन रास्ते में ही रडार से संपर्क टूट गया, जिससे हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही चतरा जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हो गईं। हादसा घने जंगलों में होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन की मदद में जुटे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह एक मेडिकल इमरजेंसी फ्लाइट थी, जो एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। विमान में कुल 7 लोग सवार थे। जिसमें 01 गंभीर मरीज, 01 डॉक्टर, 01 पैरामेडिक, 02 अटेंडेंट (मरीज के परिजन), 01 मुख्य पायलट (PIC) और 01 को-पायलट सवार थे। 

राज्य सरकार ने घटना पर दुख जताते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश देने की तैयारी शुरू कर दी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) भी हादसे के कारणों की जांच करेगा। मौसम, तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर एयर एम्बुलेंस सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। एक ऐसी उड़ान, जो जिंदगी बचाने के लिए थी, वही उड़ान सात जिंदगियों के लिए संकट बन गई।