एयर इंडिया ने विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी
अहमदाबाद। अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग मौजूद थे। इनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे। पीएम मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक जाहिर किया है। एयर इंडिया ने विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत की घोषणा कर दी है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए।
एयर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन का बयान
मैं अत्यंत दुःख के साथ पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं।इस समय, हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का सपोर्ट करने पर है। हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए अपनी शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। एक इमरजेंसी सेंटर को सक्रिय कर दिया गया है ।
एयर एक्सिडेंट पर खरगे ने जताया दुख
अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "अहमदाबाद विमान दुर्घटना में विमान में भारतीयों के साथ विदेशी नागरिक भी सवार थे। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं। सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए। जहां विमान गिरा है वहां के लोगों की मदद होनी चाहिए...। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घटना से प्रभावित लोगों की मदद करेंगे। घटना की जांच होनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "अहमदाबाद में जो हुआ है, वह बहुत दुखद दुर्घटना है। हमने बहुत से लोगों को खो दिया है। हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसमें कई विदेशी भी शामिल हैं। आपको संबंधित विभागों नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य से अपडेट प्राप्त होंगे। यही नवीनतम जानकारी है जो मैं साझा कर सकता हूं। यह एक बदलती स्थिति है।
एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 172 के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 172 से जुड़ी घटना के मद्देनजर, यात्रियों की पूछताछ और सहायता के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर बनाया गया है। कृपया +91 99741 11327 पर कॉल करें। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अहमदाबाद अब सीमित उड़ानों के साथ चालू है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपडेट जानकारी के लिए एयरलाइनों से जुड़ें।
प्लेन में विजय रूपाणी के अलावा कई बिजनेस टायकून भी सवार थे
प्लेन में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के अलावा कई बिजनेस टायकून भी सवार थे। इनमें कार्गो मोटर के प्रमुख नंदा और ल्यूबी के डायरेक्टर सुभाष अमीन भी शामिल थे।
एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क लगाया गया
लंदन जाने वाली एयर इंडिया विमान दुर्घटना के यात्रियों के रिश्तेदारों के लिए अस्थायी रूप से बंद अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर एक सहायता डेस्क और सहायता क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है।
विमान में सवार यात्रियों की पूरी लिस्ट आई सामने
अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया की लंदन वाली फ्लाइट के विमान में कुल 242 लोग सवार थे। 242 लोगों में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। पैसेंजर्स की लिस्ट में गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है। अहमदाबाद प्लेन हादसे में 61 विदेशी नागरिक भी सवार थे। कुल यात्रियों में 169 भारतीय, ब्रिटेन के 53 यात्री, पुर्तगाल के 7 और कनाडा का एक यात्री शामिल है।
हॉस्टल मेस के ऊपर गिरा विमान का हिस्सा
एयरपोर्ट के पास मेघानी नगर जहां एयर इंडिया का प्लेन गिरा, वह मेडिकल कॉलेज हॉस्टल का मेस बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि प्लेन की चपेट में आने से 20 इंटर्न डॉक्टरों की मौत हो सकती है।
पहले धमाका हुआ, देखा कि हर जगह लाशें पड़ी हैं
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा "मैं घर पर था जब हमने एक बहुत बड़ी आवाज़ सुनी। जब हम यह देखने के लिए बाहर गए कि क्या हुआ था, तो हवा में घने धुएं की एक परत थी। जब हम यहाँ आए, तो दुर्घटनाग्रस्त विमान से मृत शरीर और मलबा हर जगह बिखरा हुआ था।"
अहमदाबाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द
सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट पर जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से नवीनतम अपडेट के लिए संपर्क करें। हम आपसे सहयोग और धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं क्योंकि अधिकारी इस उभरती हुई स्थिति से निपट रहे हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू कार्यक्रम छोड़कर पहुंचे अहमदाबाद
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू एनडीए सरकार की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विजयवाड़ा में थे, जो विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरंत अहमदाबाद पहुंच गए। मंत्री ने अपने कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया और अब वे व्यक्तिगत रूप से जमीनी स्तर पर स्थिति की निगरानी करने के लिए रवाना हो गए हैं। वे त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता सुनिश्चित करने के लिए डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। बचाव और चिकित्सा दल मौके पर हैं।
पायलट ने किया था खतरे का कॉल मे डे
हादसे से पहले पायलट ने मेडे का कॉल किया था। इसका मतलब बड़ा खतरा है। एटीसी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, मगर जवाब नहीं मिला। विमान के पायलट सुमित सबरवाल थे, जबकि को पायलट कुंदर था। इन दो पायलट के साथ 10 मेंबर का क्रू भी था।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर आया डीजीसीए का बयान
अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के क्रैश होने की पर डीजीसीए ने बयान जारी किया है। डीजीसीए ने कहा है कि 12 जून को बी787 विमान वीटी-एएनबी (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) उड़ान आएई-171 का संचालन करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के साथ थी। कैप्टन सुमीत सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले हैं। सह-पायलट के पास 1100 घंटों की उड़ान का अनुभव था। एटीसी के अनुसार विमान ने रनवे 23 से 1 बजकर 39 मिनट पर पर अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर ज़मीन पर गिर गया। दुर्घटनास्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया।