VIDEO NEWS : मिग 29 क्रैश: जांच के लिए एयरफोर्स अफसर गांव में ही कर रहे कैंप
आगरा। कागारौल फतेहपुरसीकरी मार्ग स्थित बघा सोनिगा गांव के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुए इंडियन एयरफोर्स के मिग 29 की जांच के लिए वरिष्ठ एयरफोर्स अधिकारी गांव में ही कैंप कर रहे हैं। उस खेत को रस्सी लगाकर सील कर दिया गया है, जहां पर विमान गिरा था।
मिग 29 सोमवार को शाम 4:00 बजे बघा सोनिगा गांव के नजदीक क्रैश हुआ था। पंजाब के आदमपुर का ने विमान ने रूटीन उड़ान के तहत ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी। आगरा में यह क्रैश हो गया था। दुर्घटना के 20 मिनट के अंदर एयरफोर्स के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने के बाद ही अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी थी। विमान के ब्लैक बॉक्स को कब्जे में ले लिया गया था। जांच अधिकारी यह जानना चाहते हैं कि विमान में ऐसी क्या तकनीकी खराबी आई जो आसमान में उड़ते समय क्रैश हो गया।
चूंकि विमान का मलबा अभी गांव के खेत में ही पड़ा है, इसलिए जांच की प्रक्रिया भी मौके पर रहकर ही पूरी होगी, इसलिए एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए विमान के नजदीकी टेंट लगा दिए गए हैं। जांच अधिकारी इन्हीं टेंट्स में प्रवास कर जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं।
कल जिस समय विमान में आग बुझाई गई थी, तब तक अंधेरा हो चुका था, इसीलिए विमान के मलबे को एकत्रित नहीं किया जा सकता था। आज सुबह एयरफोर्स के अधिकारियों ने गांव के युवाओं और बच्चों की मदद से विमान के गिरने वाले स्थल से दूर-दूर तक बिखरे पड़े विमान के विभिन्न पार्ट्स के टुकड़ों को एकत्रित कराया।
एयरफोर्स के जवान और अन्य अधिकारी गांव के आसपास घूम-घूम कर यह देख रहे थे कि विमान का कोई हिस्सा पड़ा तो नहीं रह गया है।
यह जांच प्रक्रिया कई दिन तक चल सकती है, इसलिए तब तक गांव में एयरफोर्स अफसरों का कैंप भी चलता रहेगा।