देश के कई हिस्सों में एयरटेल की सेवाएं ठप, जियो-वीआई पर भी असर
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एयरटेल, जियो और वीआई के यूजर्स को पिछले कुछ घंटों से मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि वे जल्द से जल्द इसे ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं।
कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि उनके मोबाइल पर नेटवर्क सिग्नल तो दिखाई दे रहा है, लेकिन कॉलिंग पूरी तरह से ठप है। न कॉल लग रही है और न ही रिसीव हो रही है। यह सब शिकायतें सोशल मीडिया पर एयरटेल के खिलाफ नजर आई। ज्यादातर शिकायतें दिल्ली एनसीआर के यूजर्स ने की थी।
मोबाइल इंटरनेट बंद हो जाने से सोशल मीडिया, ऑनलाइन पेमेंट और अन्य डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि राहत की बात यह रही कि एयरटेल की ब्रॉडबैंड और वाई-फाई सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहीं। समस्या केवल मोबाइल नेटवर्क तक ही सीमित रही।
सोशल मीडिया पर ही एयरटेल ने इस आउटेज की आधिकारिक पुष्टि की। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि फिलहाल नेटवर्क आउटेज का सामना किया जा रहा है और तकनीकी टीम इसे सुलझाने में लगी हुई है। एयरटेल ने ग्राहकों से हुई असुविधा के लिए खेद जताया और भरोसा दिलाया कि सेवाएं जल्द ही सामान्य कर दी जाएंगी।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों से यूज़र्स ने नेटवर्क न मिलने और कॉल बंद होने की शिकायत की। इस तरह की समस्या के पीछे आम तौर पर तकनीकी गड़बड़ी, फाइबर कट, नेटवर्क अपग्रेड या अचानक बढ़े नेटवर्क लोड को कारण माना जाता है। कई यूजर्स ने जियो और आइडिया वोडाफोन के सर्विस डाउन होने की भी शिकायतें की है।
डाउन डिटेक्टर के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, जयपुर, कानपुर, अहमदाबाद, सूरत, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता में एयरटेल के ग्राहकों को इस समय नेटवर्क और इंटरनेट की समस्याएं आ रही है। सोमवार (18 अगस्त 2025) को शाम 4:30 बजे तक सेवा बाधित होने की 3,500 से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं।