पीएम मोदी के आरोपों पर अखिलेश यादव बोले, उम्र और पद का मान कर रहे हैं, यह हमारे संस्कारों में है
पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान कहा कि सपा ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया। कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार (28 मार्च) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। इस दौरान पीएम मोदी ने इतना तक कह दिया कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। वहीं अब पीएम मोदी के इस बयान को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा है कि उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा-"हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है, जब हार साक्षात दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण। उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा. सादर विदाई!"
नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि जिस नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो सीएम इतने डरे हुए थे कि उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की कि अभी अभी पीएम बने हो, नोएडा मत जाओ। सपा वालों ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया, कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था, लेकिन आज बीजेपी सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।