फिरोजाबाद में अक्षराभिषेकोत्सवः हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन का सम्मान, सेवा कार्यों की गूंज
आगरा/फिरोजाबाद। श्रुति सेवा निधि न्यास फिरोजाबाद द्वारा फिरोजाबाद में आयोजित अक्षराभिषेकोत्सव–2026 में हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। फिरोजाबाद क्लब में हुए इस समारोह में सुरेंद्र जैन का सम्मान सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया।
कार्यक्रम में सुरेंद्र जैन को हेल्प आगरा हॉस्पिटल में प्रारंभ की गई एक्स-रे, पैथोलॉजी एवं डायलिसिस सेवाओं जैसी जनोपयोगी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें माला, शाल-पटका, प्रशस्ति पत्र एवं 25,000 रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान सुरेंद्र जैन द्वारा हेल्प आगरा की विभिन्न सेवाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के आर्थिक एवं संख्यात्मक आंकड़े साझा किए, जिन्हें सुनकर उपस्थित जनसमूह आश्चर्यचकित और प्रभावित हो उठा।
इस अवसर पर सेवार्थ संस्थान चैरिटेबल कैंसर हॉस्पिटल, फिरोजाबाद में संजीवनी सहयोग ट्रस्ट द्वारा असहाय एवं गरीब कैंसर रोगियों के उपचार हेतु किए जा रहे सहयोग की भी जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि सुरेंद्र जैन इस ट्रस्ट के ट्रस्टी भी हैं। सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अपनी ओर से 2,50,000 (ढाई लाख रुपये) का चेक ट्रस्ट के प्रतिनिधि किशन अग्रवाल को भेंट किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कैंसर हॉस्पिटल के निदेशक पी.के. जिंदल, फिरोजाबाद सदर विधायक मनीष असीजा, हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ, राजेंद्र अग्रवाल, नंदकिशोर गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।