आगरा के सीकरी चार हिस्सा में अंबेडकर मूर्ति क्षतिग्रस्त, नई प्रतिमा लगेगी
फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी के ग्राम पंचायत सीकरी चार हिस्सा स्थित अंबेडकर पार्क में 20 अप्रैल की सुबह अज्ञात असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है, वहीं प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नई आदमकद प्रतिमा लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया है।
-मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को नई मूर्ति का वायदा कर शांत किया, पार्क में कैमरे लगाने का भी दिया आश्वासन
गांव में मची हलचल, भारी संख्या में जुटे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में अंबेडकर पार्क पर एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी किरावली और प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
प्रशासन ने दी नई प्रतिमा लगाने की सहमति
प्रशासन द्वारा मौके पर ही घोषणा की गई कि शीघ्र ही डॉ. अंबेडकर की नई आदमकद प्रतिमा पार्क में स्थापित की जाएगी। यह प्रस्ताव उपस्थित लोगों के समक्ष रखा गया, जिस पर सभी ने सहमति दी। ग्रामीणों और अंबेडकर अनुयायियों ने घटना को गांव के सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश बताया और दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि लगभग 14 वर्ष पूर्व भी इसी पार्क में अंबेडकर प्रतिमा को क्षति पहुंचाई गई थी। उस समय भी प्रशासन द्वारा नई मूर्ति स्थापित की गई थी।
सीसीटीवी व लाइटिंग की मांग पर सहमति
घटना के बाद ग्रामीणों ने अंबेडकर पार्क में सीसीटीवी कैमरा और लाइटिंग की व्यवस्था की पुरजोर मांग की। प्रशासन ने इस पर सहमति जताते हुए आवश्यक तकनीकी सुविधा जल्द मुहैया कराने का आश्वासन दिया।