पाक को अमेरिका ने दिया करारा झटका, टीआरएफ आतंकी संगठन घोषित, पहलगाम हमले का जिम्मेदार माना

वाशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान के आतंकी मंसूबों को करारा झटका दिया है। उसने द रेजिस्टेंस फ्रंट आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। टीआरएफ पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का ही संगठन है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसको लेकर पूरी जानकारी दी है। अहम बात यह भी है कि अमेरिका ने टीआरएफ को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिम्मेदार भी माना है। इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी।  

Jul 18, 2025 - 07:30
 0
पाक को अमेरिका ने दिया करारा झटका, टीआरएफ आतंकी संगठन घोषित, पहलगाम हमले का जिम्मेदार माना

एक अंग्रेजी अखबार की एक खबर के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने टीआरएफ को लश्कर का मुखौटा बताया है। इसका मुख्यालय पाकिस्तान में है और वहीं से ऑपरेट भी होता है। लश्कर अभी तक कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। अमेरिका ने पहलगाम हमले के तुरंत बाद कहा था कि वह आतंक की लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।

रुबियो ने कहा कि टीआरएफ को आतंकवादी संगठन घोषित किया जाना हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा हितों की रक्षा करने की सोच को दर्शाता है। इससे यह भी पता चलता है कि हम आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए और पहलगाम हमले के न्याय के लिए कितने प्रतिबद्ध हैं। टीआरएफ ने पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसे अमेरिका ने 2008 में हुए मुंबई हमले के बाद भारत में नागरिकों के लिए सबसे घातक आतंकी संगठन करार दिया था।
 
टीआरएफ के आतंकवादी संगठन घोषित होने के बाद पाकिस्तान को तगड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान आतंकियों को पालने के लिए काफी मेहनत करता है और वह इनका इस्तेमाल भारत के खिलाफ करता है। अब टीआरएफ पर कड़े प्रतिबंध भी लग सकते हैं। वह कश्मीर में सुरक्षा बलों पर कई बार अटैक भी करवा चुका है। अमेरिका ने यह भी माना है कि टीआरएफ भारतीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर किए गए हमलों से जुड़ा है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया था। इस दौरान से 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।