सख्त सुरक्षा के बीच आगरा में जुमा अलविदा की नमाज शांति से संपन्न, अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं
आगरा में रमजान के आखिरी जुमे पर अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई, जहां हजारों अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आगरा। शहरभर की मस्जिदों में अलविदा की नमाज बड़े ही शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुई। प्रमुख मस्जिदों में सुबह से ही अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी और नमाज के दौरान देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।
विशेष रूप से शाही जामा मस्जिद सहित शहर की बड़ी मस्जिदों पर भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज के दौरान अनुशासन और शांति का माहौल बना रहा।
अलविदा की नमाज को लेकर आगरा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। शहर को सेक्टर और जोन में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने स्वयं फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी चांद रात और ईद को लेकर बाजारों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही नवरात्रों के मद्देनजर मंदिरों और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि दोनों पर्वों के दौरान शांति और भाईचारा बना रहे।