टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप ने चार बार पीएम मोदी को किया फोन लेकिन मोदी ने बात करने से किया इनकार
भारत और यूएस के बीच ट्रेड डील पर बातचीत चल रही थी, लेकिन अचानक ट्रंप ने भारत के खिलाफ 25% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। ट्रंप यहीं नहीं रुके, उन्होंने रूसी तेल खरीदने को लेकर 25% जुर्माना भी लगा दिया।
बर्लिन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब से भारत पर 50 फीसदी टैरिफ का ऐलान किया है तब से दोनों देशों के रिश्तों में तल्खियां बढ़ी हुई हैं। इस बीच जर्मनी के एक अखबार ने दावा किया है कि ट्रंप ने टैरिफ विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार बार कॉल किया, लेकिन पीएम मोदी ने उनसे बात करने से मना कर दिया।
जर्मन न्यूज पेपर एफएजेड ने दावा किया है कि भारत को डेड इकोनॉमी कहने पर पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से नाराज हैं। ट्रंप के टैरिफ की वजह से 25 सालों से चले आ रहे भारत-अमेरिका संबंधों में खटास आ गई। अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है, जो ब्राजील के अलावा किसी दूसरे देश के लिए सबसे अधिक है। अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर भारत पर जुर्माना भी लगाया है। एफएजेड का दावा है कि ट्रंप ने हाल के हफ्तों में चार बार पीएम मोदी को फोन किया, लेकिन उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया।
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 31 जुलाई को कहा, "मुझे इसकी परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे दोनों मिलकर अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को नीचे गिरा सकते हैं। हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है। उनके टैरिफ बहुत ऊंचे हैं, जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ वाले देशों में से एक हैं।
" जर्मनी के अखबार ने दावा किया है कि पीएम मोदी ट्रंप की इसी टिप्पणी से नाराज हैं। जर्मन न्यूज पेपर में दावा किया गया है कि ट्रंप ने इसके बाद कई बार पीएम मोदी को मनाने की कोशिश की। इसमें कहा गया कि भारत मौजूदा समय में बहुत ही सावधानीपूर्वक कदम उठा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी अमेरिकी कृषि व्यवसाय के लिए भारत के बाजार खोलने के ट्रंप के दबाव का भी विरोध कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने को लेकर नोटिस जारी कर दिया है। इसमें बताया गया है कि नया टैरिफ सिस्टम 27 अगस्त रात 12.01 बजे से लागू होगा।