'कौन बनेगा करोड़पति' के 25 साल पूरे होने पर अमिताभ बच्चन ने लिखा स्पेशल पोस्ट

'कौन बनेगा करोड़पति' को 25 साल पूरे हो चुके हैं और इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने एक स्पेशल पोस्ट लिखा। वहीं शो के राइटर ने कई दिलचस्प किस्से शेयर किए। 17वां सीजन आज से शुरू हो रहा है।

Aug 11, 2025 - 22:24
 0
'कौन बनेगा करोड़पति' के 25 साल पूरे होने पर अमिताभ बच्चन ने लिखा स्पेशल पोस्ट


 
मुंबई। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने 25 साल पहले 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग शुरू की थी और अब यह शो 25 साल पूरे कर चुका है। इस शो ने कंटेस्टेंट्स ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन की जिंदगी भी बदल दी। अब जब अमिताभ ने 'केबीसी' के 17वें सीजन की तैयारी शुरू की तो पुरानी यादों में खो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें 'कौन बनेगा करोड़पति' की 25 साल पहले हुई शुरुआत के बारे में बताया। उधर, शो के राइटर आरडी तैलंग ने वो पल याद किया जब उन्होंने पहली बार अमिताभ के लिए लिखना शुरू किया था। उस वक्त बहुत घबराए हुए थे।

सबसे पहले अमिताभ बच्चन के पोस्ट की बात करते हैं, जो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, 'आज 3 जुलाई 2025 को, जब मैं इस साल के 'केबीसी' सीजन की तैयारी कर रहा था, मुझे 'केबीसी' टीम ने बताया कि 3 जुलाई 2000 को 'केबीसी' का पहला प्रसारण हुआ था। 25 साल, केबीसी की लाइफ।'  

अमिताभ बच्चन के इस पोस्ट पर बेटी श्वेता के अलावा एक्ट्रेस दिव्या दत्ता, रणवीर सिंह, रोनित रॉय और आहना कुमरा, निमरत कौर, रिचा चड्ढा और सुधांशु पांडे ने कमेंट किया। उन्होंने अमिताभ की जर्नी और जबरदस्त सफलता की तारीफ की।

वहीं, 'कौन बनेगा करोड़पति' के राइटर आरडी तैलंग ने 'इंडियन एक्सप्रेस' संग बातचीत में शो के पहले सीजन का वाकया शेयर किया। वह बोले, 'यह पहली बार था जब मैं इतने बड़े स्टार के लिए लिख रहा था और मेरा दिल धड़क रहा था कि क्या शो को स्वीकार किया जाएगा? हम सभी घबराए हुए थे। अमिताभ बच्चन भी घबराए थे। उन्होंने आलोचकों की बात अनसुनी की, जो कह रहे थे कि यह शो करके उनका स्टारडम कम हो जाएगा। वह पहली बार टेलीविजन पर कदम रख रहे थे।'

आरडी तैलंग ने आगे बताया, 'उन्होंने हमें ऑल द बेस्ट' कहने तक से रोक दिया और कहा कि इससे उन्हें और अधिक टेंशन हो रही है। लेकिन फिर वह शेर की तरह बाहर निकले और यह मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा था।' मालूम हो कि वो आरडी तैलंग ही हैं, जिन्होंने 'केबीसी' में अमिताभ के लिए 'लॉक कर दिया जाए', 'अफसोस गलत जवाब', 'मैं यूं गया और यूं आया' जैसे डायलॉग लिखे। पर आरडी तैलंग के मुताबिक, इन डायलॉग्स को आइकॉनिक स्टेटस अमिताभ बच्चन ने दिया।

आरडी तैलंग ने बताया कि जब उन्हें हर सीजन में 'कौन बनेगा करोड़पति' को प्रमोट करने के लिए कोई आइडिया नहीं मिल रहा था, तो अमिताभ बच्चन ने ही उन्हें सुझाव दिया था कि हमें जीवन, कविता और फिलॉसफी से जुड़े विचार के साथ शो को प्रमोट करना चाहिए।