‘अनंत से अरिहंत’ में दिखेगी आत्मा की मोक्ष यात्रा, 125 कलाकारों के साथ कल आगरा के सूरसदन में भव्य लाइट एंड साउंड शो

आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक पर आगरा में आध्यात्मिकता, तकनीक और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। सकल श्वेतांबर जैन श्री संघ के तत्वावधान में “अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा” शीर्षक से भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन 31 मार्च, मंगलवार को सायं 5 बजे से सूरसदन प्रेक्षागृह में किया जाएगा। इस विशेष प्रस्तुति में आत्मा के अज्ञान से मोक्ष तक की दिव्य यात्रा को सजीव मंचन के माध्यम से दर्शाया जाएगा, जिसमें 125 से अधिक कलाकार भाग लेंगे।

Mar 30, 2026 - 18:45
 0
‘अनंत से अरिहंत’ में दिखेगी आत्मा की मोक्ष यात्रा, 125 कलाकारों के साथ कल आगरा के सूरसदन में भव्य लाइट एंड साउंड शो
न्यू राजामंडी स्थित सुराना भवन में अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा... लाइट एंड साउंड शो के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ के अध्यक्ष राजकुमार जैन। साथ में सुरेंद्र सोनी, सुभाष जैन, सुरेश जैन, अमरलाल जैन, अजय लालवानी, रवि जैन, वीरेंद्र जैन, शरद चौघड़िया, दुष्यंत जैन, अशोक कोठारी, अनिल जैन, राजीव जैन आदि।

सोमवार को न्यू राजामंडी स्थित सुराना भवन में कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। आयोजन श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट राजा मंडी, जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ रोशन मोहल्ला, एसएन जैन समिति लोहा मंडी, श्री आत्मानंद जैन सभा बालूगंज एवं अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

27 भव से मोक्ष तक: जीवन गाथा का जीवंत मंचन

जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि इस प्रस्तुति में भगवान महावीर स्वामी के जन्म से पूर्व के 27 भव, जन्म, बाल्यकाल, युवावस्था, वैराग्य, दीक्षा, कठोर तप, उपसर्ग, केवलज्ञान की प्राप्ति और मोक्ष से पूर्व के अंतिम 72 घंटों तक दिए गए देशना का प्रभावी मंचन किया जाएगा। साथ ही मोक्ष प्राप्ति के पश्चात सिद्ध अवस्था तक की यात्रा को भी आधुनिक लाइट एंड साउंड तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अनंत से अरिहंत बनने की उस आध्यात्मिक प्रक्रिया को दर्शाएगा, जिसमें आत्मा कर्म बंधनों से मुक्त होकर परम ज्ञान और मोक्ष की ओर अग्रसर होती है। इसमें जैन धर्म के मूल सिद्धांत अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मसंयम को भावपूर्ण अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट जनों की मौजूदगी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता शारदा ग्रुप के उपाध्यक्ष यतेंद्र कुमार गुप्ता करेंगे। अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज के अध्यक्ष अमरलाल जैन इस अवसर पर महावीर स्वामी के उपदेशों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर अपने विचार रखेंगे।

125 कलाकारों की मेहनत, 15 दिन की तैयारी

इस भव्य मंचन में 125 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष भाग ले रहे हैं, जो पिछले 15 दिनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं। सभी कलाकार विभिन्न जैन संस्थाओं से जुड़े परिवारों के सदस्य हैं। मंचन का निर्देशन दीपक और चंद्रशेखर द्वारा किया जा रहा है।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट राजा मंडी के अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी, एसएन जैन समिति लोहा मंडी के कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष जैन, श्री आत्मानंद जैन सभा बालूगंज के प्रधान सुरेश जैन (हैप्पी भाई), अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज के अध्यक्ष अमरलाल जैन सहित अजय लालवानी, रवि जैन, वीरेंद्र जैन, शरद चौघड़िया, दुष्यंत जैन, अशोक कोठारी, अनिल जैन, अमित जैन, राजीव जैन, राजीव चपलावत आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor