मनौना धाम में पशुपालन मंत्री ने श्याम दरबार में झुकाया शीश, मां के नाम पर किया वृक्षारोपण
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को श्रद्धा और सेवा का अनूठा संदेश देते हुए मनौना धाम पहुंचकर खाटू श्याम के दरबार में शीश नवाया। उन्होंने प्रदेश के पशुधन की निरोगता और किसानों की आय दोगुनी होने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान की शुरुआत कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ वंदना को एक नई दिशा दी।
बाबा श्याम के चरणों में अर्पण, रोजगार और सेवा का संदेश
कैबिनेट मंत्री ने मनौना धाम की वास्तु कला, धार्मिक व्यवस्थाओं, और रोजगार सृजन की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिले। बाबा श्याम की कृपा और महंत ओमेन्द्र महाराज के सेवा भाव से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द ही बढ़ेगी ट्रेन-बस कनेक्टिविटी
इस मौके पर जब श्रद्धालुओं ने आंवला स्टेशन पर ट्रेनों के न रुकने की शिकायत की, तो मंत्री धर्मपाल सिंह ने आश्वासन दिया कि रेल मंत्री से उनकी बात हो चुकी है और जल्द ही सभी ट्रेनों का स्टॉपेज सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बस सेवाएं भी बढ़ाई जाएंगी ताकि धाम तक पहुंचना सरल हो सके।
मां के नाम वृक्षारोपण
कैबिनेट मंत्री ने मंदिर परिसर में जामुन, आम, पीपल जैसे फलदार और छायादार वृक्षों का रोपण किया। वृक्षारोपण से पहले उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर महंत ओमेन्द्र महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह और मंदिर व्यवस्थापक आर्येन्द्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने वृक्षों की देखभाल की जिम्मेदारी प्रबंधकों को सौंपी और अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात कही। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को धार्मिक आस्था से जोड़ने की प्रेरणा दी।
Bottom of Form