कटरा इतवारी खां जैन मंदिर में वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, श्रद्धा-भक्ति से आलोकित हुआ परिसर

आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री चन्द्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, कटरा इतवारी खां में बुधवार को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव सानंद सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नित्य नियम पूजन से हुआ, जिसके पश्चात पंडित आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन में भक्तों ने मंत्रोच्चारण करते हुए स्वर्ण कलशों से श्रीजी का जलाभिषेक संपन्न किया। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

Sep 24, 2025 - 18:17
 0
कटरा इतवारी खां जैन मंदिर में वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, श्रद्धा-भक्ति से आलोकित हुआ परिसर
कटरा इतवारी खां स्थित जैन मंदिर में बुधवार को हुए वार्षिक कलशाभिषेक की एक झलक।

सायंकाल संगीतमय भक्ति संध्या एवं मंगल आरती का आयोजन हुआ, जिसमें दीपों और मंत्रोच्चारों से मंदिर परिसर आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित हो गया। रात 7:30 बजे तपस्वी सम्राट आचार्य श्री सन्मति सागर जी के जीवन पर आधारित विशेष डिजिटल प्रस्तुति “कलयुग में मोक्ष नहीं तो तप क्यों? तप की महिमा” श्रद्धालुओं को दिखाई गई। इसे जिन आगम प्रभावना क्रिएशन कानपुर द्वारा तैयार किया गया था, जिसकी पटकथा और निर्देशन प्रवीण विजय जैन ने किया।

श्रद्धालुओं ने इस कार्यक्रम को अध्यात्म और भक्ति का अद्भुत संगम बताते हुए सराहा और समापन पर जिनवाणी संदेश को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। मंदिर परिसर प्रभु के जयकारों से गूंज उठा और अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर निर्मल जैन मोठ्या, सुरेन्द्र बैनाड़ा, राजेश सेठी, अजित रांवका, अनिल मोठया, अशोक जैन, अनिल जैन, प्रमोद जैन, राजेश बैनाड़ा, दीपक जैन, विनोद जैन, शुभम जैन, अजित जैन, सुमेर बैनाड़ा, मोहन जैन, पंकज बैनाड़ा, तरुण जैन, अंकुर जैन, सुनीता जैन समेत समस्त कटरा इतवारी खां जैन समाज मौजूद रहा।

SP_Singh AURGURU Editor