सांसद आवास बवाल में एक और तहरीर- रणजीत सुमन ने पथराव कराया
आगरा। विगत 26 मार्च को सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के मामले में करणी सेना के प्रदर्शन में घायल युवक दीपक सिसौदिया की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के लिए एसीपी हरीपर्वत को तहरीर दी गई है। अभी इस तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
तहरीर में सांसद रामजी लाल सुमन के पुत्र रणजीत सुमन पर अपने आवास पर मौजूद लोगों से पथराव कराने का आरोप लगाया गया है, जिसमें कई करणी सैनिकों के घायल होने की बात भी कही गई है।
आगरा के गांव संथा बहारबती खास निवासी दीपक सिसौदिया द्वारा एसीपी को दी गई तहरीर में कहा गया है कि 26 मार्च को दो बजे सांसद सुमन के घर के सामने राणा सांगा को गद्दार बोले जाने के मामले में करणी सेना का शांतिपूर्वक आक्रोश प्रदर्शन चल रहा था। एकाएक रामजी लाल सुमन के पुत्र रणजीत सुमन अपने करीब 200 अज्ञात समर्थकों के साथ कहने लगा कि इन सालों को मारो। एक भी जिंदा नहीं जाना चाहिए।
फ्लैट्स की छत पर खड़े लोगों से रणजीत सुमन ने कहा कि इनके सिर पर ईंट-पत्थर मारो। एक-एक का सिर फट जाए। पापा ने बोला है कि मुकदमों की चिंता मत करना, इनको पता चल जाना चाहिए कि समाजवादी पार्टी के लोगों से लड़ने के क्या परिणाम होते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा है कि अगला चुनाव हम जीतेंगे, किसी को कुछ नहीं होने देंगे।
तहरीर के अनुसार रणजीत सुमन व उनके समर्थकों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते करणी सैनिकों पर ईंट-पत्थर और धारदार हथियार, लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे कई करणी सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गये। हमले को रोकने में लगे पुलिस वाले भी इन लोगों के पथराव से घायल हो गये।
तहरीर में कहा गया है कि रणजीत सुमन व उनके समर्थकों ने कारें भी तोड़ीं व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। रामजी लाल सुमन और रणजीत सुमन व उनके समर्थकों ने षडयंत्र के तहत सभी करणी सैनिकों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। दो वर्गों के बीच जातिगत संघर्ष शुरू करने का षडयंत्र रचा गया, जिसका उद्देश्य आगामी चुनावों में राजनीतिक लाभ लेना है।
समाचारों से पता चल रहा है कि सुमन द्वारा लगातार राणा सांगा के मामले में हिंदुओं को उकसाने वाले बयान दिए जा रहे हैं। तहरीर में सभी घायल करणी सैनिकों का मेडिकल कराने व रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है।
.