आगरा में एक और साइबर ठगी, शू फैक्ट्री मैनेजर के खाते से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये
आगरा। ऐसा लगता है कि साइबर अपराधियों ने अब आगरा को अपना निशाना बना लिया है। पिछले तीन–चार दिनों से लगातार हो रही साइबर ठगी की घटनाओं की श्रृंखला में रविवार को एक और मामला सामने आया है, जिसमें सिकंदरा क्षेत्र स्थित शू फैक्ट्री के मैनेजर रवींद्र सिंह का बैंक खाता साफ कर दिया गया।
-मोबाइल साइलेंट मोड पर था, मीटिंग के दौरान खाते से हो गए 11 ट्रांजेक्शन
आगरा। ऐसा लगता है कि साइबर अपराधियों ने अब आगरा को अपना निशाना बना लिया है। पिछले तीन–चार दिनों से लगातार हो रही साइबर ठगी की घटनाओं की श्रृंखला में रविवार को एक और मामला सामने आया है, जिसमें सिकंदरा क्षेत्र स्थित शू फैक्ट्री के मैनेजर रवींद्र सिंह का बैंक खाता साफ कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रवींद्र सिंह रविवार को फैक्ट्री में एक मीटिंग में शामिल थे। मीटिंग के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन साइलेंट मोड पर रखा हुआ था। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल देखा तो उनके होश उड़ गए। फोन पर बैंक से लगातार ट्रांजेक्शन मैसेज आए हुए थे। खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल चुके थे।
साइबर ठगों ने रवींद्र के खाते से दस–दस हजार के दस और पचास हजार रुपये का एक ट्रांजेक्शन कर कुल 1.50 लाख रुपये भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक में ट्रांसफर कर दिए। हैरानी की बात यह है कि रवींद्र ने किसी लिंक पर क्लिक नहीं किया था, न ही किसी को ओटीपी साझा किया था।
पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है और बैंक खातों के ट्रांजेक्शन ट्रेल को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठग अब नए तकनीकी तरीकों से मोबाइल हैक कर खातों तक पहुँच बना रहे हैं।
साइबर सेल ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ट्रांजेक्शन दिखे तो तुरंत Helpline 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।