खंदौली प्रकरण में उपमा गुप्ता का एक और वीडियो- ‘हम इसका सिर काटके दे देंगे तुम्हें फिर!’
आगरा। खंदौली में दो दिन पहले आनंद शर्मा को चप्पलों से पीटने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वाली भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता का एक और नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मौके पर मौजूद भाजपा से ही जुड़े एक वरिष्ठ कार्यकर्ता मानवेंद्र जूरैल से बात करते हुए कहती हैं- ‘हम इसका सिर काटके दे देंगे तुम्हें फिर।‘
-भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के न्याय के नाम पर अराजकता प्रदर्शन के बाद से ही गायब है पीड़ित आनंद
-पूरा परिवार परेशान, पत्नी बोली- पति को कुछ हुआ तो मारपीट करने वाली महिलाएं जिम्मेदार होंगी
-मुंह काला कर जूतों की माला पहनाने की तैयारी कर पहुंची थीं महानगर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष
उपमा गुप्ता का यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जो उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है। यह मामला गंभीर मोड़ लेता जा रहा है क्योंकि घटना के बाद से मारपीट का शिकार आनंद घर से लापता है, उनका कोई सुराग परिवार वालों को भी नहीं लग पा रहा है। परिजन बेहद परेशान हैं और पत्नी ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर उनके पति को कुछ हुआ, तो इसकी ज़िम्मेदार उपमा गुप्ता और उनकी सहयोगी महिलाएं होंगी।
पीड़ित का परिवार सदमे में, बीमार बेटे की हालत भी बिगड़ी
आनंद शर्मा का एक बेटा गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। घटना के समय वह भी मौजूद था और पिता की पिटाई अपनी आंखों से देखने के बाद गहरे सदमे में चला गया है। अब न तो आनंद का कुछ पता चल पा रहा है और न ही परिवार सामान्य स्थिति में है।
मोबाइल से भेजे गए मैसेज की असली कहानी
आनंद शर्मा से घटना से एक दिन पहले ही भाजपा से ही जुड़े कुछ लोगों को ने पूछा था कि सोशल मीडिया पर एक महिला द्वारा की गई टिप्पणी में के पीछे वही आनंद हैं या कोई और। इस पर आनंद ने स्पष्ट किया था कि उनका मोबाइल निर्माण स्थल पर चार्जिंग में लगा हुआ था, किसी ने वहां से उनका फोन लेकर यह हरकत की है।
जब महिलाएं पहुंचीं तब घर पर नहीं था आनंद
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष उपमा गुप्ता अपने साथ कुछ महिलाओं को लेकर जब आनंद के घर पहुंचीं तो आनंद शर्मा वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद सभी महिलाएं घर में ही जमकर बैठ गईं। इसकी जानकारी होने पर भाजपा से जुड़े तमाम कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गये थे। ये महिलाएं इस बात पर अड़ी थीं कि आनंद को बुलाएं। बुलाने पर आनंद घर पहुंचा और वहां मौजूद महिलाओं के पैर छुए। माफी मांगते हुए स्पष्टीकरण भी दिया कि उनके फोन से किसी ने यह हरकत की है।
इसी दरम्यान वह महिला, जिसके मोबाइल पर अश्लील मैसेज गये थे, अपनी जगह से उठी और आनंद पर चप्पलें बरसाने लगीं। वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, उपमा गुप्ता ने आनंद का गिरेबान पकड़ा और घर से बाहर खींच लाईं और फिर सभी महिलाएं पिटाई करने लगीं।
काले रंग की शीशी और जूते की माला लेकर पहुंचीं
प्रत्यक्षदर्शियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार उपमा गुप्ता के कहने पर कार से उनका ड्राइवर एक काली रंग की शीशी और जूतों की माला लेकर आया। यह इशारा करता है कि आनंद सारी तैयारी पहले से की हुई थी क्योंकि तुरंत तो जूतों की माला तैयार हो नहीं सकती। इस पर मौके पर मौजूद भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया और महानगर भाजपा अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता का हवाला दिया तो उपमा गुप्ता उल्टा उन्हीं से भिड़ गईं और बोलीं, मैं किसी राजकुमार को नहीं जानती, मैं महिलाओं का पक्ष नहीं लूंगी तो मुझे कौन पूछेगा?
आरएसएस से पीढ़ियों से जुड़ा है आनंद का परिवार
आनंद शर्मा का परिवार खंदौली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पीढ़ियों से जुड़ा हुआ है। खुद आनंद भाजपा में सक्रिय हैं और उनकी बहन भी महिला मोर्चा की पदाधिकारी रही हैं। इसके बावजूद महिला मोर्चा अध्यक्ष ने किसी दबाव की परवाह न करते हुए खुद ही 'न्याय करने वाली' बन बैठीं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी भाजपा कार्यकर्ता भी आनंद के अब तक के आचरण को देखते हुए यह स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं कि वह कोई ऐसी हरकत कर सकता है।
खंदौली के भाजपाई नाराज़, बोले- यह पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला व्यवहार
घटना के वक्त वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमा गुप्ता के आचरण पर नाराज़गी जताई और इसे पार्टी की गरिमा के ख़िलाफ़ बताया। लेकिन उपमा किसी की सुनने को तैयार नहीं थीं। यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि किस तरह कुछ नेताओं के सिर पर “शक्ति प्रदर्शन” का नशा सवार है।
अभी तक न प्राथमिकी दर्ज, न उपमा पर कोई कार्रवाई
सबसे गंभीर सवाल यह है कि इस खुलेआम हिंसा और अपमानजनक कृत्य के बावजूद पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, न ही भाजपा संगठन की ओर से कोई स्पष्ट रुख सामने आया है। घटना के बाद से ही आनंद के गायब होने से इस समय उनका परिवार बहुत परेशान है।