दुर्घटनाओं से बचाव का संदेश लेकर निकलेगी एओएस, बोन एंड जॉइंट वीक में होंगे जागरूकता से भरे आयोजन
आगरा। सड़क हादसों में लगातार बढ़ती मौतों और बुजुर्गों की हड्डी संबंधी समस्याओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (एओएस) द्वारा 3 से 10 अगस्त तक ‘बोन एंड जॉइंट वीक’ का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताहभर चलने वाले इस आयोजन में रैली, निशुल्क क्लीनिक, वर्कशॉप, सेशंस और सम्मान समारोह जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-तीन से दस अगस्त तक चलेगा सप्ताह, जिलाधिकारी करेंगे रैली का शुभारंभ, सीएमओ करेंगे एल्डरली क्लीनिक का उद्घाटन
पहले दिन निकलेगी 'जान बचाओ, जीवन बचाओ' रैली
कार्यक्रम की शुरुआत 3 अगस्त को सुबह 6:30 बजे अग्रवन वाटर वर्क्स क्रॉसिंग से 'जान बचाओ, जीवन बचाओ' रोड सेफ्टी रैली के साथ होगी, जो शॉप स्क्वायर मॉल, संजय प्लेस होते हुए स्पीड कलर लैब पर समाप्त होगी। रैली को जिलाधिकारी अरविंद मल्लपा बंगारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है।
ओल्ड इज गोल्ड: बुजुर्गों के लिए खुलेगा विशेष क्लीनिक
4 अगस्त को सुबह 10 बजे खंदारी स्थित ओम मेडिकल कॉम्प्लेक्स में 'ओल्ड इज गोल्ड - केयर फॉर एल्डरली' अभियान के तहत एल्डरली क्लीनिक का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव करेंगे। इसी दिन शहर के अन्य प्रमुख अस्पतालों व क्लीनिक्स में भी बुजुर्गों के लिए विशेष सेवाएं प्रारंभ होंगी। ये हैं-
डॉ. अतुल अग्रवाल क्लीनिक (जिला जेल के सामने), गोयल सिटी हॉस्पिटल, रामबाग, सार्थक हॉस्पिटल, कमला नगर, चंद्रा हॉस्पिटल, बाग फरजाना, सरन आश्रम हॉस्पिटल, दयालबाग, ईश्वरी देवी हॉस्पिटल, राजपुर चुंगी, लीलावती हॉस्पिटल, आवास विकास।
खेलगांव में हेल्थ थीम आधारित कार्यक्रम
5 अगस्त को सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दयालबाग में 'सनशाइन इज लाइफलाइन' थीम पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता डॉ. सुशील गुप्ता (एमडी फिजीशियन) होंगे।
मॉर्निंग वॉक से पहले लें यह सीख
6 अगस्त को पालीवाल पार्क में आयोजित वर्कशॉप में मॉर्निंग वॉक के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। डॉक्टरों की टीम बताएगी कि वॉक करते समय कौन-सी आदतें फायदेमंद हैं और कौन-सी खतरनाक।
फिजियोथेरेपी सेशन्स होंगे शहरभर में
7 अगस्त को एओएस के निर्देशन में आगरा के समस्त ऑर्थोपेडिक क्लीनिक एवं अस्पतालों में फिजियोथेरेपी सेशंस आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूकता और व्यावहारिक समाधान प्रदान करना है।
गोल्डन अचीवर्स को किया जाएगा सम्मानित
8 अगस्त को होटल लेमन ट्री, खंदारी बाईपास पर शाम 4 बजे से एक सीएमई कार्यक्रम आयोजित होगा। इसकी थीम रहेगी ‘एजिंग विद ग्रेस, लिविंग विद डिग्निटी।‘ इस दौरान आगरा गोल्डन अचीवर्स अवार्ड का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
9 अगस्त को शहर के ऑर्थोपेडिक क्लीनिक और अस्पतालों में सब्सिडाइज्ड पैथोलॉजी कैंप्स के माध्यम से कम दरों पर जरूरी जांचें कराई जाएंगी।
वृद्धाश्रम में होगा सप्ताह का समापन
10 अगस्त को रामलाल वृद्धाश्रम, सिकंदरा में वृद्धजनों की सेवा के लिए एक निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जो शाम 4 बजे से शुरू होगा। इसके साथ ही बोन एंड जॉइंट वीक का समापन हो जाएगा।
उद्देश्य: दुर्घटनाओं से बचाव और स्वस्थ बुजुर्ग जीवन
ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल, सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता और कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव बोहरा ने बताया कि इस वीक का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, बुजुर्गों की स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देना और सामूहिक प्रयास से दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाना है।
ये डॉक्टर रहे मौजूद
इस अभियान की जानकारी ओम मेडिकल परिसर, खंदारी में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में दी गई। इस मौके पर डॉ. अशोक विज, डॉ. संजय चतुर्वेदी, डॉ. अमृत गोयल, डॉ. प्रमोद गुप्ता, डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. गौरव राजपाल, डॉ. अभिमन्यु सिंह आदि मौजूद रहे।