दरगाह आला हज़रत की अपील: ईद मिलादुन्नबी विवाद पर अमन और शांति बनाए रखें
बरेली। दरगाह आला हज़रत बरेली से तहरीक-ए-तहफ्फुज सुन्नियत (टीटीएस) ने अपील जारी करते हुए कहा है कि ईद मिलादुन्नबी पर कानपुर में हुए "आई लव मोहम्मद" बैनर विवाद को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। दरगाह के प्रवक्ता नासिर कुरैशी ने कहा कि प्रोटेस्ट (प्रदर्शन) संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसे हंगामा या हिंसा का रूप देना नाकाबिले बर्दाश्त है।
दरगाह की अपील में कहा गया कि प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी बातचीत व हल निकालने के लिए तैयार हैं, इसलिए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी जाए। मोहब्बत के इज़हार पर पहरा देना संविधान के खिलाफ है। ग़ुस्से का इज़हार होशमंदी और हिकमत से किया जाए।
दरगाह ने आगे कहा कि क्षेत्र के जिम्मेदार लोग ज्ञापन देकर तहसील व जिला मुख्यालय तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं। अगर किसी कारण से स्थानीय पुलिस का सहयोग न मिले तो उच्च अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकते हैं।