अप्सा फिएस्टा तीन अक्तूबर से, 10 हज़ार से अधिक छात्रों को मिलेगा मंच, पोस्टर विमोचित
आगरा। एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (अप्सा) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले अप्सा फिएस्टा 2025 का पोस्टर विमोचन गायत्री पब्लिक स्कूल, वजीरपुरा में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ 3 अक्टूबर को कर्नल ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल से होगा और 17 अक्टूबर को सेंट एंड्रयूज स्कूल में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार कुल 10,000 से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
अप्सा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले साहित्यिक, खेल एवं सांस्कृतिक पखवाड़े का उद्देश्य आगरा शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों को एक-दूसरे से जोड़ना और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि खेल और प्रतियोगिताएं छात्रों में अनुशासन, सहयोग और भाईचारे जैसे गुण विकसित करती हैं। उन्होंने बताया कि अप्सा उत्तर प्रदेश की ऐसी एकमात्र संस्था है जो निजी विद्यालयों के छात्रों और शिक्षकों के समग्र विकास में कार्यरत है।
इस वर्ष फिएस्टा में साहित्यिक और सांस्कृतिक वर्ग की 16 गतिविधियां 42 वर्गों में 26 विद्यालयों में आयोजित होंगी। वहीं खेलकूद वर्ग की 17 गतिविधियां 41 वर्गों में 21 विद्यालयों में होंगी। इन प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुल 1931 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
फिएस्टा के अंतर्गत ड्रॉइंग एंड पेंटिंग, समूह व एकल गायन, निबंध लेखन, वाद-विवाद, समूह व एकल नृत्य, रंगोली, कोलाज, फैंसी ड्रेस, एल्यूक्यूशन, स्वीमिंग, खो-खो, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, शतरंज, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, फुटबॉल, कबड्डी आदि शामिल होंगी।
संयुक्त सचिव व फिएस्टा समन्वयक त्रिलोक राणा ने बताया कि इस वर्ष 10 हज़ार से अधिक छात्रों को एक ही मंच मिलेगा। प्रद्युम्न चतुर्वेदी (कोषाध्यक्ष) ने कहा कि जीत और हार परिस्थितियों पर निर्भर करती है लेकिन प्रतिभागिता ही सफलता की पहली सीढ़ी है।
पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इस बार पूरा पत्राचार ईमेल से किया जाएगा, कागज़ का प्रयोग नहीं होगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर अप्सा से जुड़े प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. गिरधर शर्मा, पुलकित सचदेवा, युवराज राणा, सुमित उपाध्याय, पूर्णिमा सिंह, डी.के. अधिकारी, राजीव शर्मा, कोमल, अंजलि पाठक, अपूर्वा परिहार, पंकज अग्रवाल, मुकेश शर्मा, विवेक शर्मा आदि प्रमुख थे।