चंबल का खौफ फिर जिंदा कर रहे यहां के युवक? लॊरेंस बिश्नोई ही नहीं, बम्बीहा और लोंकर गैंग भी बाह से पिनाहट तक खड़ा कर चुके हैं अपना नेटवर्क, मुंबई में फिल्म मेकर रोहित शेट्टी फायरिंग केस में बिजौली से अब तक छह पकड़े जा चुके, दो दर्जन युवा एसटीएफ के रडार पर, तमाम युवा ऐसे हैं जिनके देखते-देखते हो गए हैं रईसी ठाट-बाट, बोल्थल और जिगाना जैसी विदेशी पिस्टल भी देखी गई हैं इन पर  

बाह/आगरा। कभी चंबल के बीहड़ों में गूंजने वाली बंदूकों की आवाज आज नए रूप में लौटती दिखाई दे रही है। फर्क बस इतना है कि अब बागियों की जगह संगठित गैंग और हाईटेक अपराध ने ले ली है। मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के सनसनीखेज मामले ने आगरा के बाह क्षेत्र के बिजौली गांव को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला खड़ा किया है। यह मामला अब सिर्फ एक फायरिंग नहीं, बल्कि चंबल की पुरानी दहशत की नई परछाई बनता जा रहा है।

Mar 23, 2026 - 14:22
 0
चंबल का खौफ फिर जिंदा कर रहे यहां के युवक? लॊरेंस बिश्नोई ही नहीं, बम्बीहा और लोंकर गैंग भी बाह से पिनाहट तक खड़ा कर चुके हैं अपना नेटवर्क, मुंबई में फिल्म मेकर रोहित शेट्टी फायरिंग केस में बिजौली से अब तक छह पकड़े जा चुके, दो दर्जन युवा एसटीएफ के रडार पर, तमाम युवा ऐसे हैं जिनके देखते-देखते हो गए हैं रईसी ठाट-बाट, बोल्थल और जिगाना जैसी विदेशी पिस्टल भी देखी गई हैं इन पर   
Ai Generated Image

चंबल के बागियों से गैंगस्टर नेटवर्क तक

एक दौर था जब मान सिंह, मलखान सिंह, माधौ सिंह, सीमा परिहार, तहसीलदार सिंह और विक्रम मल्लाह जैसे नामों से चंबल थर्राता था। आज वही खौफ आधुनिक गैंगस्टर नेटवर्क के रूप में लौटता नजर आ रहा है, जहां गांवों के युवक अंतरराज्यीय अपराध सिंडिकेट से जुड़ते जा रहे हैं।

बिजौली गांव बना जांच का हॉटस्पॉट

फायरिंग केस में बाह क्षेत्र का बिजौली गांव जांच एजेंसियों के रडार पर है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 20-25 संदिग्ध युवकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खास बात यह है कि आरोपियों के घर करीब 100 मीटर के दायरे में हैं, जिससे संगठित गैंग की आशंका और मजबूत हो गई है। हाल ही में पकड़े गये प्रदीप शर्मा से पूछताछ के आधार पर कुछ और की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ते तार

जांच एजेंसियां इस मामले में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संभावित कनेक्शन को खंगाल रही हैं। शुरुआती इनपुट्स में कुछ लिंक सामने आए हैं। सूत्रों की मानें तो बाह, पिनाहट और जैतपुर क्षेत्र में बम्बीहा, बिश्नोई और शुभम लोंकर गैंग का नेटवर्क खड़ा हो चुका है।

बदली लाइफस्टाइल, बढ़ा शक

स्थानीय जानकारों के अनुसार, क्षेत्र के कई युवाओं की जीवनशैली अचानक बदल गई है। आईपीएल सट्टेबाजी, जुए में लाखों की बाजी और महंगे विदेशी हथियारों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जर्मन मेड वाल्थर और जिगाना जैसी पिस्टल का जिक्र इस बात की ओर इशारा करता है कि ये युवक बड़े गैंग के संपर्क में हैं।

कम उम्र के युवाओं का अपराध की ओर झुकाव

जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क में शामिल कई युवक कम उम्र के हैं। यह ट्रेंड पुलिस और समाज दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है कि चंबल का पुराना खौफ अब नई पीढ़ी के हाथों में आकार ले रहा है।

एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कॉल डिटेल, सोशल नेटवर्क और आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा होगा।

SP_Singh AURGURU Editor