शिरडी से श्री साईं चरण पादुकाओं के आगमन पर आगरा में उमड़ा भक्तिमय सागर, भजन, पूजन, प्रसादी और दर्शन से गूंजी शहर की आस्था
आगरा ने आज वह दुर्लभ और दिव्य क्षण महसूस किया जब शिरडी से पधारी साईं बाबा की पावन चरण पादुकाओं ने शहर को अपने कृपा-प्रकाश से आलोकित किया। ढोल-नगाड़ों से गूंजते स्वागत, पुष्पवर्षा से महकती सड़कों और साईं राम के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। द रमाना ग्रांड में आयोजित दो दिवसीय अनुष्ठान में वैदिक पूजन, दिव्य दर्शन, भजन संध्या और साईं प्रसादी भंडारे ने हजारों भक्तों को अलौकिक अनुभूति से भर दिया। बुधवार तक जारी रहने वाले इस आयोजन में भक्तों की आस्था की अविरल धारा लगातार उमड़ रही है।
श्री साईं चरण पादुकाओं का भाव विह्वल होकर दर्शन करते श्रद्धालुजन।

साईं चरण पादुका आगरा पधारी—दीप, पुष्प और जयकारों से भरा आसमान
आगरा। श्री साईं चरण पादुका समिति 2025 द्वारा आयोजित दो दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत सोमवार दोपहर यमुना एक्सप्रेसवे के अंतिम टोल पर हुई। जैसे ही साईं चरण पादुका आगरा की धरती पर पहुंचीं, ढोल-नगाड़ों की धुन, पुष्पवृष्टि और साईं राम के उद्घोषों से वातावरण पवित्र हो उठा।
शोभायात्रा वॉटर वर्क्स, बल्केश्वर चौराहा, कमला नगर स्थित साईं धाम मंदिर होते हुए प्रतापपुरा स्थित द रमाना ग्रांड पहुंची, जहां पूरा परिसर सुंदर पुष्प-सज्जा, दीप-प्रकाश और भक्ति-संगीत से जगमगा उठा।
अतिथियों ने की वैदिक पूजन विधि से आराधना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुजी चंद्रभानु सतपथी, डीआईजी शैलेश पांडे, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीजी आरपीएफ (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार, श्री साईं संस्थान शिरडी के सीईओ दीपक मोहन, आईआरएस आदित्य प्रकाश भारद्वाज, पूर्व विधायक महेश गोयल व अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इन सभी ने पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पावन चरण पादुकाओं का पूजन किया। पूजन के बाद दर्शन प्रारंभ हुए, जिसमें सुबह से ही भक्तों की लम्बी कतारें उमड़ पड़ीं। संयोजक अशोक रैना और अध्यक्ष नितिन कोहली द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
भजन संध्या में दिव्यता और सुरों का संगम
सायंकाल आरंभ हुई साईं भजन संध्या कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं प्रसिद्ध भजन गायिका निधि कोहली। इसके अलावा मोहन शर्मा, पुनीत खुराना, हरीश बलेचा और जागृति कोहली ने साईं दा दरबार निराला, तेरा ही नाम साईं और साईं राम... जैसे हृदयस्पर्शी भजनों से सभी भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
पूरा हॉल झूमता-गाता भक्ति रस में डूब गया।
दर्शन और भजनों के बाद समिति द्वारा विशाल साईं प्रसादी का आयोजन किया गया। हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया, वहीं स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से वितरण में सहभागिता निभाई। संयोजक अशोक रैना और अध्यक्ष नितिन कोहली ने कहा कि आगरा में साईं चरण पादुकाओं का आगमन अत्यंत दुर्लभ अवसर है। अधिकाधिक भक्त बुधवार तक दर्शन कर पुण्य प्राप्त करें।
बुधवार को होगा चरण पादुकाओं का प्रस्थान
स्वागत प्रभारी राजेश गोयल और महामंत्री संजय सत्यदेव ने बताया कि बुधवार सुबह 7 बजे मंगला आरती होगी और 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक दर्शन खुले रहेंगे। इसके बाद चरण पादुकाएं आगरा से अन्य नगरों की ओर प्रस्थान करेंगी।
आयोजन का संचालन राजीव पोद्दार कर रहे हैं जबकि व्यवस्था शोक रैना, अध्यक्ष नितिन कोहली, अजय गुप्ता, राजेश गोयल आदि संभाल रहे हैं। इसमें सहयोग दे रहे हैं विकास खन्ना, दीपक गुप्ता, लटूरी सिंह यादव, राहुल शाक्य, पवन अग्रवाल, दीपक बत्रा, दिलीप गुप्ता, दीपक गुरनानी, दिनेश गुप्ता, रोहित गोयल आदि।