विशेषज्ञों की हरी झंडी मिलते ही आगरा में भी यमुना में क्रूज चलते दिखेंगे

आगरा। यदि सब कुछ सही रहा तो जल्द ही आगरा में यमुना में क्रूज चलने का सपना साकार होगा। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री इसके लिए जल्द ही विषय विशेषज्ञों की टीम को अध्ययन करने के लिए भेजेंगे। यह टीम केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के साथ कैलाश मंदिर से ताजमहल तक यमुना में क्रूज चलाने की संभावनाओं को तलाशेगी।

Dec 17, 2024 - 22:30
 0
विशेषज्ञों की हरी झंडी मिलते ही आगरा में भी यमुना में क्रूज चलते दिखेंगे
नई दिल्ली में केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के आवास पर आगरा में क्रूज चलाने की मांग को लेकर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल की ओर से मांग पत्र सौंपते केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल।  

-केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल के प्रयास ला रहे रंग, जहाजरानी मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

आज केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल के नेतृत्व में आगरा का एक प्रतिनिधिमंडल केन्द्रीय जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल से उनके आवास पर मिला। उन्होंने यमुना में कैलाश मंदिर से लेकर नगला पैमा तक यमुना की डीसिल्टिंग कराने एवं यमुना की बालू निकालकर गहराई और बढ़ाने के लिए मंत्री को पत्र सौंपा।

केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल ने जहाजरानी मंत्री से कैलाश मंदिर से रामबाग होते हुए एत्मादुददौला होते हुए चीनी का रोज़ा, 11 सीढ़ी, आगरा फ़ोर्ट होते हुए ताज महल तक क्रूज चलाए जाने का आग्रह किया। इस पर केन्द्रीय मंत्री सोनोवाल ने आश्वस्त किया कि वह जल्द ही एक विषय विशेषज्ञों की टीम आगरा भेजेंगे। यह टीम प्रोफ़ेसर बघेल के साथ जाकर इसका निरीक्षण करेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह हर संभव प्रयास करेंगे कि आगरा में क्रूज़ चले।

केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल ने कहा कि आगरा में प्रतिदिन 50,000 से अधिक पर्यटक आते हैं, जिसमें से तक़रीबन दस हज़ार यात्री विदेशी होते हैं। जब आगरा में यमुना नदी के दोनों घाट विकसित हो जाएंगे और क्रूज़ चलेगा तथा क्रूज़ पर पार्टियां होंगी, तो आगरा की जीडीपी में बढ़ोतरी होगी। आगरा में टूरिस्ट जब रात को रुकेगा तो रिक्शेवाले से लेकर फ़ाइव स्टार होटल वाले, रेहड़ी व पान वाले से लेकर बड़े बड़े शोरूम सबका फ़ायदा होगा।

प्रतिनिधिमंडल में पूरन डावर,  केसी जैन, राजीव गुप्ता, नीतेश गुप्ता, दिगंबर सिंह धाकरे,  दिनेश अग्रवाल, गौरव शर्मा, संजय शर्मा आदि शामिल थे।

SP_Singh AURGURU Editor