2526 अज्ञात व असहाय मृतकों के अस्थिफूल हाडगंगा में विसर्जित, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा तीन साल से सुरक्षित रखे गए 2526 अज्ञात और असहाय मृतकों के अस्थिफूलों को सोमवार को विधिविधान के साथ सोरों स्थित पवित्र हाडगंगा में विसर्जित किया गया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्वागत, पुष्पवर्षा और भजन-कीर्तन की गूंज ने वातावरण को श्रद्धामय बना दिया। सैकड़ों किलोमीटर लंबी यह अस्थि विसर्जन यात्रा न सिर्फ आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रही बल्कि समाज के सामने सेवा और करुणा की मिसाल भी पेश कर गई।

Aug 25, 2025 - 20:42
 0
2526 अज्ञात व असहाय मृतकों के अस्थिफूल हाडगंगा में विसर्जित, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
सौरों स्थित हाड़गंगा में अज्ञात और असहाय मृतकों के अस्थिफूल हाडगंगा में विसर्जित करते श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य। नीचे के चित्र में मुक्ति रथ, जिस पर अस्थि कलश ले जाये गये।

-श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की नौवीं अस्थि विसर्जन यात्रा ने आगरा से सोरों तक वातावरण श्रद्धामय बना दिया

श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की ओर से सोमवार तड़के विद्युत शवदाहगृह से नवम अस्थि विसर्जन यात्रा का शुभारंभ हुआ। सबसे आगे अस्थि कलशों से सुसज्जित मुक्ति रथ और उसके पीछे बसों व गाड़ियों का विशाल काफिला था। यात्रा के संचालन में संजीव गुप्ता, मनोज शर्मा, मुकेश अग्रवाल व प्रमोद गुप्ता सक्रिय रहे।

यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, रास्ते भर श्रद्धालु मुक्ति रथ पर पुष्पवर्षा कर अस्थि कलशों को श्रद्धांजलि अर्पित करते गए। प्रयाग फाउंडेशन, कासगंज वस्त्र व्यापार समिति, अवागढ़ वस्त्र व्यवसाय समिति और एटा के हीराणी परिवार सहित अनेक संस्थाओं ने स्वागत-सत्कार कर इस यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया।

महिलाओं के भजन-कीर्तन और बाजे-गाजे की गूंज ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। सोरों पहुंचने पर हजारों की भीड़ ने बजाजा कमेटी की इस सेवा के प्रति नतमस्तक होकर श्रद्धा व्यक्त की। पूजा-अर्चना और मानव श्रृंखला के बीच 2526 अस्थि कलशों का हाडगंगा में विसर्जन सम्पन्न हुआ। इसके बाद ब्रह्मभोज और भंडारे के साथ यह ऐतिहासिक कार्यक्रम पूर्ण हुआ।

मीडिया प्रभारी नंद किशोर गोयल ने बताया कि कमेटी अध्यक्ष अनिल जिंदल, महासचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल, उपाध्यक्ष विष्णु, मंत्री प्रशांत गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रा का नेतृत्व किया और स्वागत करने वालों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। यात्रा में विजय अग्रवाल, राधे गुप्ता, गिरीश शर्मा, संजय मित्तल, राकेश अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाल, ऋषि मित्तल, कृष्ण मुरारी व संजीव गोयल प्रमुख रूप से इस यात्रा में शामिल रहे।

अंत में अध्यक्ष अनिल जिंदल और महासचिव राजीव अग्रवाल ने सहयोगियों और सहभागियों का आभार जताया।

SP_Singh AURGURU Editor