अटल जन्म शताब्दी वर्षः आगरा नगर निगम में काव्य पाठ, चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता संग ज़ीरो वेस्ट का संदेश
आगरा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर निगम, आगरा द्वारा मंगलवार को नगर निगम परिसर में काव्य पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के विचारों को आत्मसात करते हुए युवाओं को नवाचार, स्वच्छता और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में विद्यार्थियों, युवाओं, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम की आयोजक महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह थीं, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के आदर्श हैं। उनके विचार, कविताएं और संवाद शैली आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत मिशन को साकार करने के लिए नवाचार के मार्ग पर आगे बढ़ें, जिसमें नगर निगम आगरा पूर्ण सहयोग करेगा।
महापौर ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) और ज़ीरो वेस्ट की आवश्यकता पर बल देते हुए आगरावासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक के न्यूनतम प्रयोग, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण और नगर निगम की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अटल जी का संदेश ‘सबको साथ लेकर चलना’ आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
महापौर ने अटल जी से जुड़े आगरा के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि उन्हें आगरा का स्वाद, स्वभाव और स्नेह अत्यंत प्रिय था। आगरा की बेड़ई उन्हें विशेष रूप से पसंद थी। वे अपने कार्यकर्ताओं को नाम लेकर पुकारते थे और सादगी व आत्मीयता उनके व्यक्तित्व की पहचान थी।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि अटल जी ने कश्मीर, पोखरण और विदेश नीति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर साहसिक निर्णय लेकर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम का केंद्रीय उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और “ज़ीरो वेस्ट” की अवधारणा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। बच्चों की चित्रकला और प्रतिभागियों के काव्य पाठ में स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक-मुक्त आगरा की सशक्त कल्पना उभरकर सामने आई।
काव्य पाठ सत्र में डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा सहित स्थानीय एवं आमंत्रित कवियों ने स्वच्छता, राष्ट्रनिर्माण और अटल जी के व्यक्तित्व-कृतित्व पर केंद्रित रचनाएं प्रस्तुत कीं। चित्रकला प्रतियोगिता में स्वच्छ आगरा, कचरे से कंचन और ज़ीरो वेस्ट मार्केट जैसे विषयों पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी ने दर्शकों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम आगरा की 5आर पहल— रिड्यूस, री-यूज़, रीसायकल, रीपरपज़, रिफ़्यूज़ और ज़ीरो वेस्ट मार्केट जैसे नवाचारों का उल्लेख किया गया। साथ ही, उपयोग में लाए गए फ्लेक्स और बैनरों को पुनःउपयोग के लिए स्वयं सहायता समूहों को सौंपने की घोषणा की गई।
समापन सत्र में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए तथा सभी से अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता दूत बनकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, नगर निगम के पार्षदगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत और भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित ने किया।