आगरा किला पर गूंजा अतिथि देवो भव: एनसीसी कैडेट्स ने रचा भारतीय संस्कृति का जीवंत स्वागत
आगरा। राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर एनसीसी आर्मी विंग, आगरा कॉलेज, आगरा के कैडेट्स ने देश–विदेश से आए पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत कर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली संदेश दिया। आगरा किला के मुख्य द्वार पर कैडेट्स ने पर्यटकों का माला पहनाकर अभिनंदन किया और भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं अतिथि-सत्कार परंपरा का विस्तार से बखान किया।
कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कैडेट्स ने पर्यटकों को ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना से परिचित कराया। कैडेट्स ने आगरा किला सहित भारत की प्रमुख प्राचीन इमारतों, उनसे जुड़े ऐतिहासिक महत्व और भारतीय सभ्यता की विविधता पर संवाद किया। अचानक मिले इस आत्मीय सत्कार से पर्यटक अचंभित और अभिभूत नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान चीन, जापान, फ्रांस, रूस, जर्मनी, ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों का स्वागत किया गया। कैडेट्स ने न केवल जानकारी साझा की, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान, शिष्टाचार और सौहार्दपूर्ण व्यवहार का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राजीव गर्ग, एसयूओ मनोज जुरैल, लवकुश, यूओ यामिनी चाहर, सार्जेंट प्रिया चाहर, हिमांशु, राहुल देशवाल, रोहित कर्दम, समायरा, संजना, राखी, हृदय, प्राशी अग्रवाल, प्रिया, दीक्षा, पूजा शाक्य, रेहान, हर्षित, शगुन, प्रवीण, अनुष्का सहित अन्य कैडेट्स उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर राष्ट्रीय पर्यटन दिवस को यादगार बनाते हुए भारत की सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण प्रदर्शन किया।