सांसद सुमन के आवास पर हमला सरकार प्रायोजित बड़ी साजिश थी- अखिलेश
आगरा। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सांसद रामजीलाल सुमन से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सांसद के आवास पर हुआ हमला और उसके बाद खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि इसमें भीड़ को कठपुतली की तरह का इस्तेमाल किया गया, जिनका धागा लखनऊ या दिल्ली के हाथों में था।
-सपा प्रमुख बोले- भीड़ को कठपुतली की तरह इस्तेमाल किया गया, इनके धागे लखनऊ या दिल्ली के हाथ में थे
संजय प्लेस स्थित एचआईजी फ्लैट्स में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पहुंचे अखिलेश यादव ने इस घटनाक्रम को "लोकतंत्र की मर्यादाओं का चीरहरण" करार दिया। उन्होंने कहा, शांतिपूर्ण सम्मेलन के नाम पर तलवारें, बंदूकें और डंडे लहराए गए। इससे पहले बुलडोजर थानों की सीमाएं लांघते हुए सांसद के घर पहुंचे। यह किसी भी रूप में सामान्य विरोध नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने दावा किया कि यह केवल एक स्थानीय विवाद नहीं बल्कि सरकार प्रायोजित साजिश थी। हमले और हथियार प्रदर्शन को सरकार का खुला समर्थन प्राप्त था। यहां तक कि इसके लिए फंडिंग भी की गई।
गलत भाषा और जानलेवा मंशा
सपा प्रमुख ने कहा कि सांसद सुमन और उनके परिवार को डराने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, हमारे सांसद के लिए असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया गया और ऐसा माहौल बनाया गया जिससे साफ था कि हमला जानलेवा हो सकता था।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कुछ भोले-भाले लोगों को आगे कर दिया गया, लेकिन योजना कहीं और बनी थी। “मुझे गोली मारने की धमकी दी गई। मैं जानता हूं कि ये धमकी देने वाला खुद नहीं बोला। वह तो भोला भाला है। किसी और ने उससे ये कहलवाया।
इतिहास को इतिहास ही रहने दें
राणा सांगा पर सांसद सुमन द्वारा राज्यसभा में दिए गए बयान पर उठे विवाद को लेकर जब अखिलेश से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक कहा कि जब वह बयान कार्यवाही से हटा दिया गया था, तो फिर उसे बार-बार वायरल करना केवल माहौल खराब करने की कोशिश है। उन्होंने सुझाव दिया कि इतिहास के विवादित हिस्सों को तूल न दिया जाए।
विपक्ष को डराने की कोशिश
अखिलेश ने कहा कि सरकार आगरा और प्रदेश भर में पीडीए (पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक) वर्ग के नेताओं को डराने की कोशिश कर रही है। हमारे नेता सुमन पर हमला करके सरकार ने यही संदेश देने की कोशिश की है।
सपा प्रमुख ने यह भी बताया कि सांसद सुमन से मिलने के लिए राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव पहले ही आगरा आ चुके हैं, और वे स्वयं पार्टी की एकजुटता दिखाने के लिए अब पहुंचे हैं।
इससे पूर्व अखिलेश के पहुंचते ही आवास के बाहर सड़क पर खड़े सपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत में जोरदार नारेबाजी और आवास परिसर में जाने का प्रयास किया पर पुलिस ने किसी को भी अंदर नहीं घुसने दिया। आवास के चारों तरफ़ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।