आगरा में एसडीएम को रौंदने की कोशिश: चेकिंग से बौखलाए ट्रक चालक ने सरकारी गाड़ी में मारी टक्कर
किरावली-आगरा। किरावली और खेरागढ़ क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती से बौखलाए खनन माफिया ने अब अधिकारियों को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को काली सिल्ट से भरे ट्रक को जब खेरागढ़ के एसडीएम ऋषि राव ने कागारौल के पास रोकने का प्रयास किया, तो ट्रक चालक ने एसडीएम की गाड़ी को ही टक्कर मार दी। इस हादसे में एसडीएम और उनके स्टाफ के लोग बाल-बाल बचे। बाद में पुलिस ने पीछा कर ट्रक तो पकड़ लिया, लेकिन चालक भाग जाने में सफल रहा।
-खनन माफिया का बढ़ता दुस्साहस, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा ट्रक, चालक फरार, काली सिल्ट लेकर आ रहा था ट्रक
बाल-बाल बचे एसडीएम और टीम, ट्रक चालक हुआ फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसडीएम ऋषि राव और उनके अधीनस्थ कर्मचारी चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, तत्काल अलर्ट हुई पुलिस ने उसका पीछा किया और ट्रक को पकड़ लिया, लेकिन चालक भागने में कामयाब हो गया।
ओवरटेक कर रोका तो मारी टक्कर, जानलेवा हमले की कोशिश
जानकारी के अनुसार, ट्रक (नं. RJ 11 CG XXXX) काली सिल्ट भरकर खेरागढ़ की ओर से आ रहा था। जब एसडीएम ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह ट्रक लेकर भागने लगा। एसडीएम ने वाहन को ओवरटेक कर रोकना चाहता तो ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी को ही टक्कर मार दी। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। यह घटना किरावली थाना क्षेत्र में हुई थी।
नंबर प्लेट पर नहीं दर्ज था सही नंबर, ट्रक हुआ सीज
जब ट्रक को पकड़ कर कागारौल पुलिस द्वारा किरावली पुलिस को सौंपा गया, तो जांच में सामने आया कि ट्रक की दोनों नंबर प्लेटों पर अंक स्पष्ट नहीं थे। इससे ट्रक की पहचान करना कठिन हो गया है। पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खनन माफिया की बढ़ती दबंगई, कार्रवाई के संकेत
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अवैध खनन माफिया किस हद तक बेखौफ हो चुके हैं। एसडीएम को निशाना बनाने जैसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रशासन और पुलिस को अब और अधिक सख्ती से काम लेना होगा। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।