आस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने 62 की उम्र में की दूसरी शादी

  एंथनी अल्बनीज इसी साल मई में चुनाव जीतकर दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री बने हैं। अब 62 साल के अल्बनीज ने शादी करते हुए दुनिया का ध्यान खींचा है।

Nov 29, 2025 - 15:10
 0
आस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने 62 की उम्र में की दूसरी शादी


कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने जोडी हेडन के साथ शादी कर ली है। कैनबरा के द लॉज (अल्बनीज के घर) में एक प्राइवेट सेरेमनी में दोनों ने शादी की है। 62 साल के अल्बनीज की यह दूसरी शादी है। वह पद पर रहते हुए शादी करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई पीएम बन गए हैं। अल्बनीज ने बीते साल वैलेंटाइन्स डे पर हेडन को प्रपोज किया था। इसके बाद से उनकी शादी की चर्चा चल रही थी।
अल्बनीज की सरकार के कई अहम सदस्य इस शादी में शामिल हुए। इनमें कैबिनेट मिनिस्टर जिम चाल्मर्स, पेनी वोंग, कैटी गैलाघर, रिचर्ड मार्लेस और एक्टर राइस मुलडून शामिल हैं। वहीं हेडन की पांच साल की भतीजी एला, उनका भाई पैट्रिक भी इस शादी के गवाह बने। ऑस्ट्रेलिया पीएम को शादी के बाद देशभर से बधाईयां मिल रही हैं।ई

अल्बनीज के बीते साल ही शादी करने की चर्चा थी लेकिन चुनाव के चलते इसे टाला जाता रहा। ऑस्ट्रेलिया में इस साल मई में हुए चुनाव में अल्बनीज को जीत मिली थी। अल्बनीज ने जून में बताया था कि अगर वह दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनते तो दो महीने के हनीमून पर जाते। अब कपल दो हफ्ते के हनीमून पर जाएगा।  
 
एंथनी अल्बनीज की यह दूसरी शादी है। उन्होंने पहली शादी कार्मेल टेबट से 2000 में की थी। NSW की पूर्व पॉलिटिशियन कार्मेल टेबट के साथ एंथनी की 19 साल की शादी साल 2019 में खत्म हो गई थी। पहली शादी से उनका एक बेटा नाथन है। इसके बाद अब 62 साल के एंथनी ने दूसरी शादी रचाई है।

बैंकस्टाउन में जन्मीं 46 साल हेडन की परवरिश NSW सेंट्रल कोस्ट में हुई है। उन्होंने सुपरएनुएशन सेक्टर में दो दशक तक बड़े फाइनेंस इंस्टीट्यूशन और इंडस्ट्री फंड्स में काम किया है। अल्बनीज से 16 साल छोटी हेडन स्कूल टीचर की बेटी हैं और खुद सुपरएनुएशन इंडस्ट्री में अच्छा नाम कमा चुकी है।

अल्बनीज और हेडन की मुलाकात मार्च 2020 में मेलबर्न में एक डिनर इवेंट में हुई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई। अल्बनीज ने ऑस्ट्रेलियन विमेंस वीकली से बताया था कि कैसे न्यूटाउन में यंग हेनरीज में एक ड्रिंक लेने से चीजें आगे बढ़ीं और फिर दोनों ने एक साथ जिंदगी गुजारने का फैसला कर लिया।

एंथनी अल्बनीज बीते 30 सालों से सांसद और साल 2022 से ऑस्ट्रलिया के प्रधानमंत्री हैं। अल्बनीज एक साधारण परिवार से निकलकर ऑस्ट्रेलिया की राजनीति के बड़े चेहरे बने हैं। इस साल मई में चुनाव जीतकर एंथनी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल किया है।