ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर फिर गया पानी, टी20 विश्व कप में सफर समाप्त, जिम्बाब्वे सुपर-8 में
ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। आयरलैंड के खिलाफ बारिश की वजह से मैच रद्द होने के साथ ही जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में एंट्री मार ली।
पल्लेकेले। ऑस्ट्रेलिया का टी20 विश्व कप 2026 में सफर समाप्त हो गया है। टीम सुपर-8 में जगह नहीं बना पाई। टूर्नामेंट के 32वें मैच में जिम्बाब्वे की टक्कर आयरलैंड से थी। आयरलैंड की जीत से ही ऑस्ट्रेलिया की टीम सुपर-8 की रेस में बरकरार रह पाती। बारिश की वजह से इस मुकाबले में टॉस भी नहीं हो पाया और इसे रद्द करना पड़ा। इससे जिम्बाब्वे को एक पॉइंट मिल गया और टीम सुपर-8 में पहुंच गई। इसके साथ ही जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप 2028 में डायरेक्ट क्वालीफाई भी कर लिया है।
ऑस्ट्रेलिया को अभी तक खेले तीन मैचों में दो हार मिली है। टीम के सिर्फ दो ही पॉइंट हैं। उसे आखिरी मैच ओमान से खेलना है। उस मैच में जीत हासिल करके भी टीम अब 4 पॉइंट तक ही पहुंच पाएगी। वहीं 3 मैचों में ही जिम्बाब्वे के 5 पॉइंट हो गए हैं। उनसे ओमान को हराने के बाद बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को बाहर कर दिया है। यह सिर्फ दूसरा मौका है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 विश्व कप के पहले ही राउंड से बाहर हो गई। 2009 में भी टीम ग्रुप राउंड से बाहर हुई थी।
ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम पहले ही सुपर-8 में जा चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के साथ ही आयरलैंड का भी टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है। जिम्बाब्वे टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में पहुंचने वाली 7वीं टीम बन गई है। इससे पहले भारत, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की टीम सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी है।
सुपर-8 में ऑस्ट्रेलिया को भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप में रखा गया था। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम बाहर हो गई हैं और जिम्बाब्वे उसकी जगह लेगा। सुपर-8 में जिम्बाब्वे का पहला मैच 23 फरवरी को मुंबई में वेस्टइंडीज से होगा। इसके बाद 26 फरवरी को भारत और एक मार्च को उसे साउथ अफ्रीका से भिड़ना है। उससे पहले ग्रुप बी के आखिरी मैच में श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टक्कर 19 फरवरी को होगी।