आगरा के सैंया क्षेत्र में नाले में मिला ऑटो चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आगरा। थाना सैंया क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ऑटो चालक का शव नाले में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विजय पाल पुत्र चरन सिंह (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो धौलपुर जिले के मनिया क्षेत्र का निवासी था।

Feb 15, 2026 - 18:24
 0
आगरा के सैंया क्षेत्र में नाले में मिला ऑटो चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सैंया क्षेत्र में ऒटो चॊलक का शव नाले में पड़ा होने की जानकारी मिलने पर मौके पर एकत्रित भीड़।

सैंया से मनिया के बीच ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले विजय पाल की नृशंस हत्या कर शव को नाले में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार विजय पाल रोज़ की तरह मनिया से सैंया के बीच ऒटो संचालन की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल बंद होने पर परिवार को चिंता हुई। सोमवार सुबह सैया क्षेत्र में नाले के पास युवक का शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और शिनाख्त के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शरीर पर चोटों के निशान मिलने की चर्चा है, जिससे हत्या की आशंका और गहराती जा रही है।

विजय पाल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor