लालू परिवार के बेहद नजदीकी अवधेश अग्रवाल दो सप्ताह पहले ही धन्नू गोलीकांड से बरी हुए थे, फ्लैट में सब कुछ यथावत मिला
आगरा। आगरा के जिन बड़े चांदी कारोबारी अवधेश अग्रवाल की बीती रात पटना में उनके ही आवास में गोली मारकर हत्या की गई है, उसमें लेन-देन के विवाद की बात ही सामने आ रही है। एक जानकारी यह भी सामने आई है कि अवधेश अग्रवाल ने कुछ ही समय में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के साथ बहुत नजदीकी बढ़ा ली थी।
सीबी चेंस का काम देखते थे पटना में
अवधेश अग्रवाल ने पटना में शुरुआती दिनों में आगरा के ब्रांड सीबी चेंस का काम देखना शुरू किया था। सीबी चेंस आगरा की श्री सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष धन कुमार जैन धन्नू की फर्म है। इसमें अवधेश अग्रवाल को भी काफी मुनाफा हो रहा था। बाद में अवधेश अग्रवाल ने पटना में ही अपना भी काम शुरू कर दिया तो धन कुमार जैन धन्नू ने उनसे पटना का अपना काम वापस ले लिया था। इसके बाद से अवधेश अग्रवाल पटना में अपना ही काम कर रहे थे।
उन्होंने पटना में चांदी कारोबार के साथ मिठाई की एक बड़ी दुकान भी खोल ली थी जो पटना की प्रतिष्ठित दुकानों में से एक है।
जानकारी सामने आ रही है कि पटना के ही किसी दूसरे कारोबारी पर अवधेश अग्रवाल की बड़ी मात्रा में चांदी थी। पिछले कुछ दिनों में चांदी की कीमतों में बहुत वृद्धि हो गई थी। इसी मामले को लेकर दोनों के बीच में विवाद की स्थिति बन गई थी। पटना पुलिस मामले की इस पहलू से भी जांच कर रही है।
केवल हत्या ही था उद्देश्य
पटना में जिस फ्लैट के अंदर अवधेश अग्रवाल की गोलीमार का हत्या की गई है, वहां सारा सामान, यहां तक कि कैश भी यथावत रखा मिला है। इससे एक बात स्पष्ट है कि यह हत्या लूट के इरादे से न होकर किसी और उद्देश्य की पूर्ति के लिए की गई है। बता दें कि इन दिनों दीपावली त्यौहार की वजह से अवधेश अग्रवाल के चांदी कारोबार के अलावा मिठाई की दुकान से भी अच्छा खासा कैश हर दिन आ रहा था। रात के समय व्यापारी प्रायः अपना कैश अपने आवास पर ही लेकर आ जाते हैं। अवधेश अग्रवाल के फ्लैट पर भी कैश था, लेकिन उसे हत्यारों ने हाथ तक नहीं लगाया।
धन्नू पर गोलीकांड में 15 दिन पहले ही कोर्ट से बरी हुए थे अवधेश
श्री सराफा कमेटी के अध्यक्ष एवं सीबी चेंस के मालिक धन कुमार जैन धन्नू पर कई साल पहले गोली चलाई गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। यह घटना उस समय हुई थी, जब धन कुमार जैन धन्नू ने अवधेश अग्रवाल से पटना में अपना काम वापस ले लिया था। उस समय धन कुमार जैन धन्नू ने अपने ऊपर चली गोली के मामले में अवधेश अग्रवाल और आगरा के चर्चित चांदी कारोबारी रहे बब्बे के दो सालों को मुकदमे में नामजद कराया था। दो सप्ताह पहले ही कोर्ट से इस मामले में फैसला आया था और अवधेश अग्रवाल तथा दोनों अन्य इस मामले से बरी हो गए थे।
यह भी जानकारी सामने आ रही है कि धन कुमार जैन धन्नू और अवधेश अग्रवाल के संबंध पिछले कुछ समय से सामान्य हो गए थे। दोनों के बीच व्यापारिक प्रतिद्वंदिता तो थी, लेकिन सराफा बाजार के ही कुछ लोगों ने दोनों को बैठकर उनके मतभेद दूर करा दिए थे।
लालू परिवार के हर फंक्शन में होते थे अवधेश अग्रवाल
पटना में अपना कारोबार जमाने के साथ भी अवधेश अग्रवाल ने बिहार के बड़े राजनीतिक परिवार राजद प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के विश्वस्त लोगों में अपनी जगह बना ली थी। वह लालू परिवार के इतने नजदीकी थे कि अगर उस परिवार में 50 लोगों का भी कोई फंक्शन होता था तो उसमें अवधेश अग्रवाल जरूर दिखते थे।